Lieutenant General JS Negi

देहरादून: लेफ्टिनेंट जनरल जयवीर सिंह नेगी देहरादून स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के नए कमांडेंट बने हैं। शनिवार को उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी के 49वें कमांडेंट के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पूर्व कमांडेंट ले. जनरल एसके झा से कमांड बैटन अधिग्रहित कर आईएमए की कमान संभाली।

मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के कमद गांव के रहने वाले ले. जनरल जयवीर सिंह नेगी की प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई है। जिसके बाद उन्होंने मेरठ के सेंट जॉन हायर सेकेंडरी स्कूल से 10वीं और 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। उनके पिता दयाल सिंह नेगी बैंक के कार्मिक थे।

साल 1977 में उन्होंने खड़गवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रवेश किया था। 1981 में उन्हें डोगरा रेजीमेंट में कमीशन प्राप्त हुआ था। अभी तक वह स्ट्रैटजिक फोर्सेस कमांड के कमांडर थे। इस कमांड को स्ट्रैटजिक न्यूक्लियर कमांड के रूप में भी जाना जाता है। ऑपरेशन पराक्रम के दौरान उन्होंने पश्चिमी क्षेत्र में अपनी बटालियन को कमांड किया था। ब्रिगेडियर के तौर पर उन्होंने असम या अरुणाचल प्रदेश में असम राइफल्स सेक्टर में आतंकवाद रोधी अभियानों की अगुआई की। इसके बाद उन्होंने करगिल के लद्दाख में बतौर मेजर जनरल अपनी डिवीज़न को कमांड किया। 39 साल के शानदार सेवाकाल के दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली। वह भूटान में भारतीय सेना की टीम का भी हिस्सा रहे। उन्होंने कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति दल में सेवाएं दी हैं। लेफ्टिनेंट जनरल जयवीर सिंह नेगी को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अति विशिष्ट सेवा मेडल एवं युद्ध सेवा मेडल सहित चार राष्ट्रपति पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।