covid vaccination Dry run

नोएडा :  गौतमबुद्ध नगर जनपद में मंगलवार को वैक्सीनेशन का ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसके लिए तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। इसके लिए तीन शहरी व तीन ग्रामीण स्वास्थ्य केन्द्रों का चयन किया गया है। शहरी क्षेत्र में सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई, ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स), शारदा मेडिकल कालेज और ग्रामीण क्षेत्र में सेक्टर 110 स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) भंगेल, बिसरख स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का चयन किया गया है। प्रत्येक बूथ पर सुबह 10 बजे से 12 तक पूर्वाभ्यास किया जाएगा। पूर्वाभ्यास में करीब 300 स्वास्थ्यकर्मी शामिल होंगे। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को तीन चरणों से गुजरना होगा। पहले चरण में टीका लगवाने वाले की पहचान, दूसरे में टीकाकरण की प्रक्रिया और तीसरे में टीकाकरण के बाद आब्जर्वेशन। हर बूथ पर मौजूद छह स्वास्थ्यकर्मी पूरी प्रक्रिया को देखेंगे। अड़चन आने की स्थिति में शीर्ष अफसरों को अवगत कराएंगे।

वैक्सीन की निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नीरज त्यागी के अनुसार कोरोना वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए जिले में बनायी गयी सभी कोल्ड चेन पर निगरानी के लिए क्लोज सर्किट टीवी (सीसीटीवी) कैमरे लगाए गये हैं। उम्मीद की जा रही है कि वैक्सीन 14 जनवरी तक मिल जाएगी। वैक्सीन सोमवार और शुक्रवार को लगाई जाएगी। एक केन्द्र पर 100 लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। एक डोज के बाद दूसरी डोज में 28 दिन का अंतराल रखा जाएगा।

पहले चरण में 21500 से अधिक कोरोना योद्धाओं को लगेगी वैक्सीन

पहले चरण में 21500 से अधिक कोरोना योद्धाओं (स्वास्थ्यकर्मियों) को वैक्सीन लगायी जाएगी। नोएडा में 42 और ग्रेटर नोएडा में 33 केन्द्र बनाए गये हैं। सभी केन्द्रों पर तीन कमरे होंगे। एक केन्द्र के लिए एक प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिसकी देखरेख में टीकाकरण होगा। निजी अस्पताल में बने केन्द्र का प्रभारी भी स्वास्थ्य विभाग का चिकित्सक ही होगा।

मतदान केन्द्रों की तरह रहेगी व्यवस्था

पुलिस आयुक्त आलोक सिंह की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार सोमवार व शुक्रवार को होने वाले वैक्सीनेशन के लिए मतदान केन्द्रों की तरह व्यवस्था की जा रही है। एक व्यक्ति के टीकाकरण के बाद दूसरे व्यक्ति को प्रवेश मिलेगा। हर बूथ पर एक पुलिसकर्मी व एक सहयोगी रहेगा। सुबह 9.30 बजे से शाम 04 बजे तक वैक्सीनेशन होगा। सबसे पहले व्यक्ति के आधार कार्ड का पंजीकरण होगा और मोबाइल पर मेसेज देखा जाएगा। (यह मैसेज स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजा जाएगा) उसके बाद ही वैक्सीनेशन होगा। केन्द्र पर सैनिटाइजर व पेयजल की व्यवस्था रहेगी। इस दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

रिकवरी रेट 98 प्रतिशत

जिले में अब कोविड के केवल 364 पॉजिटिव केस रह गये हैं। प्रतिदिन मिलने वालों की संख्या भी बहुत कम हो गयी है। रविवार को केवल 25 नये पाजिटिव केस  मिले। पॉजिटिव मिले लोगों का उपचार विभिन्न कोविड अस्पतालों व होम आइसोलेशन प्रक्रिया में चल रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी सुनील दोहरे के अनुसार विभाग को कोरोना संक्रमण दर पर काबू पाने में सफलता मिली है। रैंडम सैंपलिंग व कांटेक्ट सैंपलिंग के जरिये रोजाना  मिलने वाले केसों  का आंकड़ा 200-250 से घट कर 20-25 रह गया है। बड़ी संख्या में प़ॉजिटिव लोग कोरोना को मात दे रहे हैं। जिले में रिकवरी रेट 98 प्रतिशत है, वहीं मृत्युदर 0.3 फीसद से भी कम है।