buses-seized

ग्रेटर नोएडा: ट्रैफिक नियमों को लेकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख़ अख्तियार कर लिया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाये गए ऑपरेशन क्लीन-4 अभियान के तहत लॉन्ग रूट पर बिना परमिट के चल रही 72 से अधिक AC, स्लीपर बसों को  सीज किया गया है।

पुलिस विभाग द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस द्वारा आज सुबह करीब 5:00 से ग्रेटर नोएडा में चलाये गए “ऑपरेशन क्लीन-4” अभियान के तहत दिल्ली से ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे व यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़, बनारस, पटना सहित कई अन्य शहरों को आने-जाने वाली बिना परमिट की 72 से ज्यादा एसी स्लीपर बसों को सीज किया गया है।

यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ के जीरो प्वाइंट, परी चौक व चिल्ला बार्डर पर सीओ के नेतृत्व में पांच अलग- अलग टीमों को तैनात किया गया। बाहर से आने वाली बसों की विशेष  रूप से जांच की गई। रूट परमिट न होने पर बसों का चालान काट सीज करने की कार्रवाई की गई। इससे बस मालिकों में हड़कंप मच गया। इसके साथ ही यात्रियों में भी हड़कंप मच गया। यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए रोडवेज की बसों से उन्हें नोएडा बस डिपो तक पहुंचाया गया। कुछ यात्रियों को दिल्ली बार्डर तक भी छोड़ा गया। रोडवेज के अधिकारियों को इस बारे में पहले ही सूचना दे दी गई थी। एसएसपी ने बताया कि डग्गामारी कर रही 72 बसों को जब्त किया गया है। परिवहन विभाग से कागज जांच के बाद ही कार्रवाई की गई है। बसों के पास रूट परमिट नहीं था। बस मालिकों द्वारा अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था।

बस संचालकों ने किया प्रदर्शन

पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाये गए ऑपरेशन क्लीन-4 अभियान के विरोध में बस संचालकों ने प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि सारे कागज पूरे होने के बाद भी कार्रवाई की गई। यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के पास बड़ी संख्या में बस मालिक इकट्ठा हो गए थे। विरोध प्रदर्शन की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें बताया कि जांच पड़ताल के बाद ही कार्रवाई की गई है। टूरिस्ट परमिट का उल्लंघन किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें:

पुलिस की बड़ी कार्यवाही: नोएडा, ग्रेनो में अवैध रूप से चल रहे 1174 ऑटो/ टेम्पो किये सीज