फ्रांस

मॉस्को: फीफा विश्व कप 2018 के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आज फ्रांस ने उरुग्वे को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस तरह फ्रांस विश्व कप 2018 के सेमीफाइनल में पहुँचने वाली पहली टीम बन गई है। फ्रांस 2006 के बाद से पहली बार विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहा है। सेमीफाइनल में फ्रांस का मुकाबला दूसरे क्वार्टरफाइनल (ब्राजील और बेल्जियम) के विजेता टीम से होगा।

मैच के 5वें मिनट में फ्रांस के एमबापे ने गोल आसान का मौका गंवा दिया। 35वें मिनट में भी फ्रांस के पास मौका था जब उरुग्वे के खिलाड़ी पेनाल्टी एरिया में ज्यादा करीब नहीं थे। परन्तु फ्रांस यह मौका भी चूक गया। आखिरकार 40वें मिनट में डिफेंडर राफेल वारन ने ग्रेजमैन के भेजे पास पर बहुत ही खूबसूरत हेडर के जरिए गेंद को नेट में डालकर फ्रांस को 1-0 से आगे कर दिया। 44वें मिनट में उरुग्वे को कॉर्नर के जरिये बराबरी करने का मौका मिला आया। टोरेरिया की किक पर काकेरस ने हेडर लगाया। लेकिन, फ्रांस के गोलकीपर ह्यूगो लोरिस ने डाइव मार उरुग्वे से यह मौका छीन लिया। पहले हाफ का खेल खत्म होने तक फ्रांस की टीम ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी।

दूसरे हाफ में एक बार फिर से उरुग्वे ने आक्रामक खेल दिखाया बराबरी करने की बहुत कोशिश की परन्तु फ्रांस के डिफेन्स के सामने उनकी एक नहीं चली। फ्रांस की तरफ से एंटोनी ग्रीजमैन ने 61वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-0 की बड़ी बढ़त दिला दी। एंटोनी ग्रीजमैन के द्वारा बॉक्स के बाहर से लगाया गया लांग रेंज का शॉट उरुग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुसलेरा ठीक से रोक नहीं पाए और गेंद उनके हाथ से छिटकते हुए पीछे गोलपोस्ट में चली गई। फ्रांस के लिए अब जरूरी था कि वह समय निकाले और गेंद को अपने पास ज्यादा रखे।

आखिरी के 10 मिनट फ्रांस ने यही किया। उसने अपने डिफेंस को और मजबूत करते हुए उरुग्वे को एक भी गोल नहीं करने दिया। 90 मिनट का खेल खत्म होने तक फ्रांस ने उरुग्वे पर 2-0 की बढ़त कायम रखी। पांच मिनट के अतिरिक्त (इंजुरी) टाइम खेल में में भी उरुग्वे ने गोल करने की भरसक कोशिश की लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिल पाई और उसे विश्व कप से बाहर होना पड़ा। वर्ल्ड कप के इतिहास में फ्रांस ने उरुग्वे को पहली बार हराया है।