UNDER-19-worldcup-team

नई दिल्ली : साउथ अफ्रीका में 2020 में होने वाले अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। अंडर-19 विश्व कप आगामी 17 जनवरी से 9 फरवरी तक दक्षिण अफ्रीका में खेला जायेगा। बीसीसीआई ने सोमवार को अंडर-19 विश्व कप 2020 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज प्रियम गर्ग को 15 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है। ध्रुव चंद जुरेल टीम के उप-कप्तान होंगे। उत्तराखंड के विस्फोटक बल्लेबाज शाश्वत रावत को भी 15 सदस्यीय भारतीय टीम जगह मिली है। इसके अलावा उत्तराखंड के पिथोरागढ़ के दिव्यांश जोशी जो वर्तमान में मिजोरम की टीम से खेलते हैं, का चयन भी 15 सदस्यीय अंडर-19 विश्व कप 2020 टीम के लिए हुआ है। दिव्यांश जोशी का परिवार वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के अल्फ़ा-2 सेक्टर में रहता है।

वर्तमान अंडर-19 विश्व कप चैंपियन भारत अब तक सबसे ज्यादा 4 बार इस टूर्नामेंट का ख़िताब जीत चुका है। इस बार फिर भारतीय टीम पांचवीं बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम करने उतरेगी। इस बार अंडर-19 विश्व कप प्रतियोगिता में 16 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत को ग्रुप ए में जापान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ रखा गया है।

U19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, दिव्यांश सक्सेना, प्रियम गर्ग (कप्तान), ध्रुव चंद जुरेल (उपकप्तान और विकेट कीपर), शाश्वत रावत, दिव्यांश जोशी, शुभांग हेगड़े, रवि बिश्नोई, आकाश सिंह, कार्तिक त्यागी, अथर्व अंकोलेकर, कुमार कुशाग्र (विकेट कीपर), सुशांत मिश्रा, विद्याधर पाटिल।