Congress state president Pritam Singh

पौड़ी : शहर के निर्माणाधीन बस अड्डे में आयोजित जनसभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत पर सीधा हमला किया। प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री ही भ्रष्टाचार की जद मे हैं। मुख्यमंत्री कानूनी दांवपेच से स्वयं को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के भू कानून को समाप्त कर वर्तमान सरकार प्रदेश को पूंजीपतियों और भूमाफियाओं के हाथों में सौंप रही है।

मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व किसान बिल के विरोध में शहर के मुख्य मार्गो पर सरकार के विरोध में रैली निकाली। पौड़ी बस अड्डे पर आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत पर सीधा हमला किया। प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य सरकार लगातार जन विरोधी निर्णय ले रही है। प्राधिकरणों से विकास को रोक दिया गया है। चारधाम के तीर्थ पुरोहित भी सड़कों आंदोलन करने को मजबूर हैं। महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। सरकार व शासन में तालमेल नहीं हैं। जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है। प्रीतम ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान मुख्यमंत्री आवास से बाहर नहीं आ पाए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। एआईसीसी सदस्य मनीष खंडूड़ी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। पलायन आयोग का कही अतापता नहीं है। पौड़ी में हुई केबिनेट बैठक हवाई साबित हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा को प्रदेश व देश से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। कार्यक्रम का संचालन विजय रतूड़ी ने किया।

इस दौरान पीसीसी विशिष्ठ सदस्य राजपाल बिष्ट, प्रदेश सचिव कविंद्र इस्टवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवल किशोर, राजेंद्र शाह, केसर सिंह नेगी, जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोशी, ब्लॉक प्रमुख दीपक कुकसाल, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, प्रदेश सचिव सरिता नेगी, गौरव सागर, विजय सारस्वत आदि मौजूद थे।