aattack on aap mla convoy

नई दिल्ली : दिल्ली की महरौली विधानसभा से जीते आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव के काफिले पर कल रात किशनगढ़ गांव के समीप अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में विधायक बाल-बाल बच गए परन्तु उनके एक कार्यकर्ता की मौत हो गई है जबकि एक अन्य कार्यकर्ता घायल है। आप विधायक नरेश यादव के काफिले पर उस वक्त हमला किया गया जब वह चुनावी नतीजे आने के बाद मंदिर से वापस लौट रहे थे।

प्राप्त सूचना के मुताबिक चुनाव नतीजे आने के बाद मगंलवार देर रात नरेश यादव अपने समर्थकों के साथ मंदिर से अपने घर की तरफ लौट रहे थे, इसी दौरान किशनगढ़ गांव के नजदीक एक गाड़ी में आए कुछ लोगों ने अचानक उनके काफिले पर गोलियां चला दी। इस हमले में अशोक मान नाम के आप कार्यकर्ता की मौत हो गई है जबकि एक अन्य कार्यकर्ता हरेन्द्र घायल हो गया। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमले में विधायक नरेश यादव को कोई नुकसान न्ही हुआ है।

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कालू नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अशोक मान और हमलावर के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते यह हमला किया गया था। आरोपी कालू ने मृतक अशोक को 15 दिन पहले जान से मारने की धमकी भी दी थी। आप विधायक नरेश यादव ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी की कुसुम खत्री को 18161 वोट से हराकर जीत हासिल की थी।