up-election-voting

UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश से आज लोकतंत्र के उत्सव की शुरुआत हो गई। प्रदेश में 11 जिलों की 58 सीटों पर पहले चरण में मतदान जारी है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए जवानों को तैनात किया गया है। पहले चरण में गौतमबुद्ध नगर की तीन विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। यहाँ अब तक मतदान का मिलजुला असर देखने को मिला है। कहीं लोगों में वोट डालने के लिए उत्साह देखा गया तो कुछ जगह बहुत कम मतदान हुआ है। कई मतदान केंद्रों पर सवेरे 7 बजे से ही  वोट डालने के लिए लाइन लगनी शुरू हो गई। पहले चरण में जिले में सुबह 9 बजे तक 8.07% मतदान हुआ। वहीँ सुबह 11 बजे तक 18.43% मतदान दर्ज किया गया। और दोपहर 1:00 बजे तक 30.53% मतदान हो चुका है। अब तक सबसे ज्यादा 39.6% मतदान जेवर विधानसभा में हुआ है। जबकि नोएडा विधानसभा में सबसे कम 23% वोटिंग हुई है। हालाँकि मतदान अभी शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

गौतमबुद्धनगर : विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में पड़े मतों का विधानसभा वाइज प्रतिशत 1:00 बजे तक की रिपोर्ट

  1. नोएडा –  23%
  2. दादरी  –  29%
  3. जेवर  –  39.6%

कुल प्रतिशत- 30.53%

बता दें कि पहले चरण में पश्चमी उत्तर प्रदेश के शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा जिलों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में 623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिनमें 73 महिला उम्मीदवार हैं।

पहले चरण में योगी सरकार के 9 मंत्री मैदान में हैं। सुरेश राणा (थाना भवन), श्रीकांत शर्मा (मथुरा), संदीप सिंह (अतरौली), अतुल गर्ग (गाजियाबाद), अनिल शर्मा (शिकारपुर), कपिल देव अग्रवाल (मुजफ्फरनगर), दिनेश खटीक (हस्तिनापुर), डॉ जीएस धर्मेश (आगरा कैंट), लक्ष्मी नारायण (छाता) से चुनाव मैदान में हैं। इन सीटों पर सत्ताधारी बीजेपी की कड़ी परीक्षा मानी जा रही है। दरअसल, जिन 58 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, 2017 में उनमें से 53 सीटें बीजेपी पर थीं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। कोरोना के चलते वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने एक घंटे का समय बढ़ाया है।