Home उत्तराखण्ड प्रकाश, समृद्धि और आत्मजागरण का महापर्व दीपावली, जानें लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ...

प्रकाश, समृद्धि और आत्मजागरण का महापर्व दीपावली, जानें लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त

श्रीनगर गढ़वाल: दीपावली भारतीय संस्कृति का ऐसा महापर्व है, जो केवल दीप प्रज्ज्वलन और उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकाश, समृद्धि, आत्मजागरण और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है। देवभूमि उत्तराखण्ड के लेखक एवं चिंतक अखिलेश चन्द्र चमोला ने दीपावली के आध्यात्मिक एवं शास्त्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अज्ञान पर आत्मज्ञान की विजय का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि कार्तिक मास की अमावस्या की रात्रि में जलाए जाने वाले दीप केवल घरों को ही नहीं, बल्कि मनुष्य के अंतर्मन को भी प्रकाशित करने का संदेश देते हैं। एक छोटा-सा दीप भी घोर अंधकार को समाप्त करने की क्षमता रखता है और यही दीपावली का मूल संदेश है।

शास्त्रों में विशेष महत्व

चमोला के अनुसार, शास्त्रों में दीपावली के दिन मां महालक्ष्मी, भगवान श्री गणेश, मां सरस्वती और भगवान कुबेर की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदोष काल और स्थिर लग्न, विशेष रूप से वृषभ लग्न में किया गया लक्ष्मी पूजन घर-परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और स्थायी समृद्धि प्रदान करने वाला माना गया है।

उन्होंने बताया कि गृहस्थों के लिए प्रदोष काल में दीप प्रज्ज्वलन, महालक्ष्मी पूजन तथा श्रीसूक्त एवं कनकधारा स्तोत्र का पाठ अत्यंत शुभ माना गया है। वहीं व्यापारियों और साधकों के लिए निशीथ एवं महानिशीथ काल में पूजन और साधना का विशेष महत्व बताया गया है।

पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार का संदेश

अखिलेश चन्द्र चमोला ने कहा कि दीपावली का वास्तविक उद्देश्य केवल घरों को रोशन करना नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, करुणा और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस पर्व पर जरूरतमंदों की सहायता करें, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें तथा सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा दें।

उन्होंने कहा कि यदि हम किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियों का दीप जला सकें और समाज में सद्भाव का वातावरण बना सकें, तभी दीपावली का वास्तविक उद्देश्य सार्थक होगा।

अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि मां महालक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की कृपा से प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और ज्ञान का प्रकाश सदैव बना रहे।

अखिलेश चन्द्र चमोला, देवभूमि उत्तराखण्ड