ग्रेटर नोएडा : देश की प्रथम शिक्षिका और महान समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की जयंती पर आज सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था ने ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर स्थित केशराम इंटर कालेज में महिला शिक्षिकाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर संस्थापक डॉ. राहुल वर्मा ने कहा कि सावित्रीबाई फुले महिलाओं की आदर्श हैं, जिन्होंने महिला उत्थान के लिए रूढ़िवादी परम्पराओं के खिलाफ जाकर संघर्ष किया और महिला सुरक्षा सम्मान, बाल विवाह, विधवा विवाह और छुआछूत आदि मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की।

सावित्रीबाई फुले ऐसी शख्स थी जिन्होंने समाज द्वारा लड़कियों की शिक्षा के विरोध के बावजूद उन्हें शिक्षित करने का प्रण लिया। उनका जन्म 3 जनवरी 1831 को महाराष्ट्र के सतारा जिले के नायगांव में हुआ था। देश में पहले बालिका विद्यालय की शुरुआत करने का श्रेय उन्ही को जाता है उन्होंने 1848 में महाराष्ट्र के पुणे में देश का पहला बालिका विद्यालय शुरू किया था। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि 3 जनवरी को सावित्रीबाई फुले की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाये जाने की शुरुआत की जाय।

इस दौरान कालेज की प्राचार्या डा. विनय पांडेय, ऋचा गर्ग, बिंदु सिंह, लोकेश आदि शिक्षकों को सम्मानित किया गया।