Bernard-Arnault-richest-man-of-the-world

शंभू नाथ गौतम

आज संडे है कुछ फुर्सत के पल हैं। ऐसे में आइए रईसों की दुनिया में चलते हैं। देखते हैं कौन आगे हुआ कौन पीछे। सदियों से लोगों में ‘नंबर वन’ बनने की होड़ रही है, ‌चाहे ताकत, हुनर, बुद्धि या पैसों में हो। जब दुनिया के ‘सरताज’ बनते हो तो अलग एहसास कराता है। आज बात अमीर यानी रईस की होगी। यह भी एक खेल है, इसमें भी आगे-पीछे होता रहा है। कुछ वर्ष पहले तक ‘माइक्रोसॉफ्ट’ के मुखिया बिल गेट्स रईसों की दुनिया में सबसे आगे थे। लेकिन उसके बाद ‘अमेजन’ के जेफ बेजोस आ गए। फिर इसी साल ‘टेस्ला’ कंपनी के मालिक एलन मस्क सबसे अमीर व्यक्ति बने। लेकिन कुछ महीने बाद ही अमेजन प्रमुख जेफ ने उन्हें फिर पछाड़ दिया। अब जेफ बेजोस एक बार फिर पिछड़ गए हैं।

आइए जानते हैं विश्व में सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब हासिल करने वाले कौन हैं, ये हैं दुनिया में ‘लग्जरी फैशन’ की शुरुआत करने वाले फ्रांस के निवासी बर्नार्ड अरनॉल्ट। ‘लुई वितॉ’ कंपनी के चेयरमैन हैं। फ्रांस दुनिया भर में अपने फैशन के लिए प्रसिद्ध है। इसी देश से कई फैशन विश्व के बाजारों में निकले हैं। बर्नार्ड भी इसी देश के रहने वाले हैं। वे अब दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। पिछले दिनों जारी की गई फोर्ब्स रियल-टाइम बिलेयनियर्स सूची के अनुसार, वह 198.8 अरब डॉलर (करीब 14.7 लाख करोड़ रुपये) की संपत्ति के साथ शीर्ष पर हैं।

वहीं जेफ बेजोस अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं। उनकी संपत्ति 193.3 अरब डॉलर है। जबकि एलन मस्क 182.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। बता दें कि अमेजन के मालिक जेफ बेजोस को 2018 में सबसे अमीर शख्स का दर्जा मिला था। जनवरी 2021 में टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने बेजोस को ओवरटेक कर लिया। फरवरी 2021 में टेस्ला के शेयरों में गिरावट देखने को मिली, जिसके बाद बेजोस एक बार फिर दुनिया में सबसे अमीर शख्स बन गए।72 साल की आयु में बर्नार्ड अरनॉल्ट को विश्व के रईस बाजार में पहले पोजीशन आने के बाद सुखद एहसास जरूर करा रहा होगा।

कंपनी लुई वितॉ की विश्व के फैशन बाजार में अपनी अलग धाक है

आज की चकाचौंध भरी दुनिया में सभी की इच्छा होती है कि हम स्टाइलिश और फैशन वाले कपड़े पहने। इसी को ध्यान में रखते हुए बर्नार्ड ने अपने बिजनेस को आगे बढ़ाया। विश्व भर में लग्जरी फैशन की शुरुआत उन्होंने ही की थी। वे अपनी कंपनी में ‘बीए’ के नाम से प्रसिद्ध है। उनकी कंपनी की फैशन की दुनिया में ‘धाक’ है।

बता दें कि बर्नार्ड अरनॉल्ट 5 मार्च 1949 को फ्रांस के रुबैक्स में पैदा हुए। उनकी मां मेरी को फैशन का शौक था और पिता कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते थे। 1971 में पॉलीटेक्निक करने के बाद अरनॉल्ट ने अपने पिता की कंपनी में काम शुरू कर दिया। अरनॉल्ट को मॉडर्न लग्जरी फैशन इंडस्ट्री का गॉडफादर माना जाता है। ये दुनिया के सबसे बड़े फैशन ग्रुप लुई वितॉ मोएट हेनेसी के फाउंडर, चेयरमैन और बड़े शेयरहोल्डर हैं।

फोर्ब्स के अनुसार बर्नार्ड अरनॉल्ट ने पिछले एक साल में 100 बिलियन डॉलर यानी करीब 7.40 लाख करोड़ रुपए की कमाई की। इस लिहाज से उन्होंने हर सेकेंड करीब 2.3 लाख रुपए कमाए। बर्नार्ड का ग्रुप लुई वितॉ मार्केट कैप के लिहाज अपने नजदीकी कंपटीटर केरिंग से करीब चार गुना ज्यादा बड़ा है। लुई वितॉ की मार्केट कैप करीब 30 लाख करोड़ है। वहीं उनके नजदीकी कंपटीटर केरिंग की मार्केट कैप 8.45 लाख करोड़ रुपए है। लुई वितॉ ग्रुप के पास फैशन, वॉचेज, ज्वेलरी, रिटेल, वाइन, ब्यूटी और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 75 से ज्यादा लग्जरी ब्रांड हैं।