गांधी परिवार के करीबी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का 80 साल की आयु में आज मंगलुरु के अस्पताल में निधन हो गया। वह वर्तमान में कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सांसद थे। बता दें कि अभी कुछ महीनों पहले वे योग करते हुए वह गिर पड़े थे। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ‌ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख प्रकट किया है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘ऑस्कर फर्नांडिस जी के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं। यह मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। वह कांग्रेस पार्टी में हम में से कई लोगों के लिए एक मार्गदर्शक थे। उन्हें उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।

बता दें कि ऑस्कर फर्नांडिस कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के करीबी नेता माने जाते थे। वह यूपीए सरकार में सड़क-परिवहन मंत्री भी रह चुके हैं। वर्तमान में वह राज्यसभा सांसद थे। ऑस्कर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के संसदीय सचिव भी रह चुके हैं। 1980 में वह कर्नाटक की उडुपी सीट से सांसद चुने गए। उसके बाद 1996 तक वह लगातार यहां से जीतते आए हैं। 1998 में कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा भेज दिया था। वरिष्ठ नेता के निधन पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘ऑस्कर फर्नांडिस जी एक मार्गदर्शक, संरक्षक, संगठन के निर्माता थे, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़े हुए थे और बदले में उनसे प्रेम मिलता था।

आज कांग्रेस का एक बरगद का पेड़ गिर गया है। उनके जैसा शायद ही कोई होगा। शाश्वत कांग्रेसी को हमारी भावभीनी श्रद्धांजलि। बता दें कि इससे पहले गांधी परिवार के करीबी रहे अहमद पटेल और मोतीलाल वोरा का भी निधन हो गया था।