नई दिल्ली: टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को आईसीसी Mains T-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 का अवॉर्ड दिया गया है। सूर्यकुमार यादव ने 2022 में टी20 क्रिकेट में जमकर रन बरसाए। वे इस फॉर्मेट में सीजन में हजार रन बनाने वाले अकेले बैटर रहे। उनके अलावा कोई भी इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाया।

सूर्यकुमार यादव ने पिछले साल 31 मैचों में 46.56 की औसत से 1164 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 187.43 का रहा। इस दौरान उनके बल्ले से 68 छक्के निकले। वह एक साल के अंदर टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। उन्होंने 2022 में दो शतक और नौ अर्धशतक लगाए। उन्होंने पहले इंग्लैंड और फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ सेंचुरी जमाई थी। कमाल की बात ये है कि दोनों ही शतक उन्होंने भारत के बाहर ही खेलते हुए लगाया।

सूर्यकुमार यादव ने इस रेस में इंग्लैंड के सैम कुरेन, जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा और पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को मात दी है। उन दोनों का नाम भी आईसीसी मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड के लिए नामित किया गया था। सूर्यकुमार यादव अभी भी टी-20 फॉर्मेट में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं। अभी उनके 908 रेटिंग प्वाइंट हैं। पिछले साल ही वह नंबर एक पर पहुंच गए थे। इसके अलावा सूर्या ने 2023 की शुरुआत भी अच्छी की है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में अर्धशतक और एक शतक जमाया है।

रेणुका सिंह को इमर्जिंग महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर पुरस्कार

सूर्य कुमार यादव के अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार तेज गेंदबाज रेणुका सिंह (Renuka Singh) को भी आईसीसी की इमर्जिंग महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिला है। वह इस अवॉर्ड को जीतने वाली भारत की पहली महिला क्रिकेटर हैं। 26 साल की रेणुका ने ऑस्ट्रेलिया की डार्सी ब्राउन, इंग्लैंड की एलिस कैप्से और हमवतन यास्तिका भाटिया को पछाड़कर ‘एमर्जिंग प्लेयर’ पुरस्कार जीता।

रेणुका ने 2022 में सफेद गेंद के दोनों प्रारूपों में महज 29 मैच में 40 विकेट अपने नाम किये और महान क्रिकेटर झूलन गोस्वामी के जाने से हुई कमी को भरने की कोशिश की। वनडे में रेणुका बेहतरीन रहीं, उन्होंने 18 विकेट झटके जिसमें से आठ विकेट इंग्लैंड के खिलाफ दो मैच से आये जबकि सात विकेट भारत की श्रीलंका के साथ सीरीज के दौरान मिले।