Auto expo 2023 : अगर आप भी कारों के शौकीन है तो आपके लिए अच्छी खबर है। आज से ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में देश का सबसे बड़ा वाहनों का महाकुंभ यानी ऑटो एक्सपो-2023 का आगाज हो गया है। हालाँकि ऑटो एक्सपो-2023 का औपचारिक उद्घाटन कल यानी 12 जनवरी को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के हाथों किया जायेगा। आज का दिन केवल मीडिया के लिए रिज़र्व था। 12 जनवरी को भी मीडिया, डीलर्स तथा स्पेशल गेस्ट के लिए रहेगा। वहीं 13 जनवरी विशेष रूप से  केवल विजनेस विजिटर के लिए होगा, जिसके  बाद 14 से 18 जनवरी तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। इसकी टाइमिंग सुबह 11 से रात 8 बजे तक रहेगी। इस एक्सपो में कई कंपनियों की ओर से अपने वाहनों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इस बार कोरोना महामारी की वजह से ऑटो एक्सपो का आयोजन 3 साल बाद हो रहा है। इस एक्सपो में देश-विदेश की तमाम बड़ी वाहन निर्माता कंपनी अपनी गाड़ियों को पेश कर रही हैं। हालांकि कुछ ऐसे दिग्गज ब्रांड्स भी हैं जो इस बार एक्सपो से दूर रहेंगे, जिनमे लग्जरी कार निर्माता कंपनियां जैसे मर्सिडीज़ बेन्ज़, ऑडी, बीएमडब्ल्यू, फॉक्सवैगन, निसान, के अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा आदि शामिल हैं। जिनकी कमी कार के शौक़ीन दर्शकों को अवश्य खलेगी।

इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित वाहनों के इस प्रदर्शनी में पहले दिन आज मारुति सुजुकी से लेकर टाटा मोटर्स तक विभिन्न कार निर्माताओं ने अपनी नई कारें की।

ऑटो एक्सपो में मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी (Maruti Suzuki eVX SUV) लांच की

ऑटो एक्सपो 2023 के पहले दिन की शुरुआत आज सुबह देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति ने अपनी नई कार EVX को लॉन्च की। इस इवेंट में मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV कॉन्सेप्ट EVX भी पेश की। इमेजिनेक्स्ट विजन के साथ लाई गई इस कार को लेकर कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज में 550 KM चल सकेगी। EVX मारुति की तरफ से इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में पहली पेशकश है। मारुति का दावा है कि सुजुकी की बनाई नई SUV में परफॉर्मेंस के साथ एडवांस्ड कनेक्टिविटी फीचर्स मिलेंगे। इसमें 60kWh बैटरी पैक भी मिलता है।Maruti Suzuki eVX SUV

मारुती के बाद एमजी मोटर इंडिया, ग्रीव्स, जेबीएम ऑटो, हुंडई, किया इंडिया, अशोक लेलैंड, टोयोटा-लेक्सस (VECV), BYD (बिल्ड योर ड्रीम) इंडिया, तथा टाटा मोटर्स ने बारी बारी से अपने अपने नए वाहन लांच किये।

MG मोटर्स ने दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक MPV पेश की। इसे MIFA-9 (मिफा-9) नाम दिया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि 0 से 100 की रफ्तार महज 4 सेकेंड में पकड़ लेगी। MG मोटर्स ने ऑटो शो में अपनी प्रीमियम कार हेक्टर का फेसलिफ्ट पेश किया। इस मॉडल में कंपनी ने 11 नए फीचर्स देने का वादा किया है।

हुंडई की नई इलेक्ट्रिक कार (Hyundai Ioniq 5) लॉन्च करने पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान

16वें ऑटो एक्सपो के पहले दिन आज हुंडई ने भी अपनी नई इलेक्ट्रिक कार Hyundai Ioniq 5 लॉन्च की। हुंडई की नई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान पहुंचे थे। इस कार की एक्स शोरूम कीमत 44.95 लाख रुपये रखी गई है। एक बार चार्ज करने पर इस कार में 631km की सर्टिफाइड रेंज मिलती है। बता दें कि कंपनी ने ये खास कीमत पहले 500 ग्राहकों के लिए पेश की है, इसके बाद बुकिंग करने वाले सभी ग्राहकों को बढ़ी हुई कीमत पर ये इलेक्ट्रिक कार मिलने वाली है। हुंडई इंडिया ने 1 लाख रुपये टोकन के साथ इस कार की बुकिंग भी शुरू कर दी है। कोना ईवी के बाद भारत में ये हुंडई की दूसरी इलेक्ट्रिक कार है।

ऑटो एक्सपो 2023 का समय (Auto Expo 2023 Timings)

ऑटो एक्सपो 2023 आम दर्शकों और ऑटोमोबाइल के दीवानों के लिए 13 जनवरी से 18 जनवरी 2023 तक खुला रहेगा, जिसका समय सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक है। 13 जनवरी विशेष रूप से केवल बिज़नेस विजिटर के लिए होगा, जिसके बाद 14 जनवरी से 18 जनवरी तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। एक्सपो के आखिरी दिन 18 जनवरी को यह सिर्फ सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। ऑटो एक्सपो में एंट्री क्लोजिंग टाइम के एक घंटे पहले बंद कर दिया जाएगा। वहीं हॉल में ये एंट्री के क्लोजिंग टाइम के 30 मिनट पहले बंद किया जाएगा।