IMA Passing Out Parade 2025: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून में शनिवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। भव्य पासिंग आउट परेड में श्रीलंका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बीकेजीएम लासंथा रोड्रिगो ने बतौर रिव्यूइंग ऑफिसर शिरकत कर परेड की सलामी ली। शनिवार सुबह 6 बजकर 38 मिनट पर मार्कर्स कॉल के साथ परेड का आगाज हुआ। कैडेट अनिल नेहरा को स्वॉर्ड ऑफ ऑनर मिला। कैडेट्स ने देश को समर्पित रहने की शपथ ली।
परेड के दौरान ऑफिसर कैडेट्स ने ‘सारे जहाँ से अच्छा’ और ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’ जैसे प्रेरक सैन्य धुनों पर अनुशासित और जोशीले कदमों से मार्च करते हुए अपनी प्रतिबद्धता, गर्व और आत्मविश्वास का परिचय दिया। इस ऐतिहासिक क्षण को उनके परिजन, गणमान्य अतिथि और देश-विदेश के दर्शक मीडिया के माध्यम से साक्षी बने।
इस अवसर पर 156वें नियमित पाठ्यक्रम, 45वें तकनीकी प्रवेश योजना (TES) और 139वें तकनीकी स्नातक पाठ्यक्रम के कुल 451 ऑफिसर कैडेट्स, विशेष कमीशन अधिकारियों (SCO-54) सहित नौ मित्र राष्ट्रों के 32 विदेशी कैडेट्स ने प्रशिक्षण पूर्ण कर अकादमी से गौरवपूर्वक विदाई ली। यह दिन IMA के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुआ।
आईएमए में गहन प्रशिक्षण के बाद पासआउट होकर देश की सेना को 419 जांबाज अफसर मिले। साथ ही 9 मित्र देशों के 32 कैडेट भी पास आउट हुए। ये भविष्य में अपने देश की सेनाओं की कमान संभालेंगे। विदेशी कैडेट्स को मिलाकर भारतीय सैन्य अकादमी से इस बार पास आउट होने वाले जेंटलमैन कैडेट्स की कुल संख्या 451 रही। आईएमए की पासिंग आउट परेड में कैडेट ने अपना तन, मन और जीवन देश को समर्पित करने की शपथ ली।
पौड़ी गढ़वाल के सक्षम रावत बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट
आईएमए की पासिंग आउट परेड में शामिल पौड़ी गढ़वाल के सक्षम रावत भी आज भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। सक्षम रावत मूलरूप से विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम दिवई के रहने वाले हैं। वर्तमान में उनका परिवार सतपुली में रहता है। सक्षम के पिता अशोक कुमार रावत शिक्षक और माता श्रीमती सुमन रावत शिक्षिका हैं। सक्षम रावत को भारतीय सेना की 19 जम्मू कश्मीर राइफल में लेफ्टिनेंट बनाया गया है।
सक्षम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रीन पब्लिक स्कूल सतपुली से प्राप्त की। इसके बाद कक्षा 6 से आठवीं तक की पढ़ाई नवोदय विद्यालय से की। जबकि कक्षा 9 से 12वीं तक की शिक्षा सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से प्राप्त की। इसी दौरान वर्ष 2021 में सक्षम ने पहले ही प्रयास में एनडीए की परीक्षा पास करने में सफलता हासिल की। जिसके बाद कड़ी मेहनत के बाद आज IMA देहरादून की पासिंग आउट परेड में शामिल होकर देश की सेना में शामिल होने का गौरव हासिल किया। सक्षम रावत के लेफ्टिनेंट बनने पर सतपुली सहित पूरे विकासखंड कल्जीखाल में खुशी की लहर है। देवभूमि संवाद की ओर से सक्षम एवं उनके पूरे परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
ये कैडेट्स रहे अव्वल
- स्वॉर्ड ऑफ ऑनर व सिल्वर मेडल – अनिल नेहरा
- गोल्ड मेडल – रोनित रंजन
- ब्रॉन्ज मेडल – अनुराग वर्मा
- टीईएस सिल्वर – कपिल
- टीजी सिल्वर – आकाश भदौरिया
- चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर – केरन कंपनी