श्रीनगर: श्रीनगर के नजदीक कीर्तिनगर क्षेत्र में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ ढुंढप्रयाग घाट में पूजा के बाद अलकनंदा नदी में डुबकी लगाते समय एक महिला अचानक बह गईं। उसे बचाने के लिए एक व्यक्ति भी नदी में कूद गया। देखते ही देखते दोनों पानी में ओझल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। दोनों की पहचान आशा देवी और जसवंत सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक पौड़ी जिले के पाबौ ब्लॉक के जबरौली गांव से करीब 15-16 श्रद्धालु आज पूजा-अर्चना के लिए कीर्तिनगर के ढुंढप्रयाग घाट पहुंचे थे। पूजा संपन्न होने के बाद सभी श्रद्धालु स्नान के लिए अलकनंदा नदी में डुबकी लगाने लगे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:15 बजे पूजा में शामिल आशा देवी अचानक फिसलकर नदी गिर गयी और बहने लगीं। महिला को बचाने की कोशिश में जसवंत सिंह भी पानी के तेज बहाव में फंस गए, लेकिन बाहर नहीं निकल पाए। देखते ही देखते दोनों आंखों से ओझल हो गए। जिसे देख लोगों के होश उड़ गए। मौके पर चीख पुकार के साथ अफरा-तफरी मच गई। साथ आए लोगों ने स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की, लेकिन जब कोई सफलता नहीं मिली।
इसके बाद उन्होंने प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही कीर्तिनगर थाने से पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही पुलिस ने तत्काल श्रीनगर एसडीआरएफ को भी सूचना दी। कुछ ही समय में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। जहां पुलिस के साथ मिलकर नदी में डूबे दोनों लोगों की खोजबीन शुरू की गई। लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
अलकनंदा में डूबे लोगों के नाम:
- आशा देवी पत्नी गजपाल सिंह गुसाईं (उम्र 40 वर्ष), निवासी- जबरौली, पाबौ, पौड़ी
- जसवंत सिंह (उम्र 54 वर्ष), निवासी- जबरौली, पाबौ, पौड़ी


