Samrat Prithviraj : शुक्रवार 3 जून से देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बाद अब उत्तराखंड में भी टैक्स फ्री कर दी गई है। आज सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। उसके कुछ ही देर बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस फिल्म को अपने राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया. और आज देर शाम उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने भी  ट्वीट कर इस फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर राज्यवासियों से कहा कि देशप्रेम, साहस एवं पराक्रम से परिपूर्ण सम्राट पृथ्वीराज के जीवन पर आधारित इस फिल्म को अवश्य देखें। यूपी, एमपी और उत्तराखंड तीनों ही भाजपा शासित राज्य हैं।

बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को दिल्ली में एक विशेष स्क्रीनिंग में ‘सम्राट पृथ्वीराज’ देखी। इस दौरान उनके साथ परिवार के कई सदस्य, केंद्रीय गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद शाह ने कहा कि भारत सदियों से बाहरी आक्रमण से खिलाफ लड़ रहा है। पृथ्वीराज ने देश की संप्रभुता और भारत की संस्कृति की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी। महिला अधिकारों का समर्थन करने वाली यह फिल्म सभी को देखनी चाहिए। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि यह भाजपा शासित राज्यों में टैक्स फ्री की जा सकती है। इसके बाद आज लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट मंत्रियों के साथ लोकभवन में या फिल्म देखी और उसके बाद पृथ्वीराज को टैक्स फ्री करने का एलान कर दिया। इसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस फिल्म को आज ही टैक्स फ्री करने की घोषणा की। बता दें कि पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर फिल्माई गई इस फिल्म एक्टर अक्षय कुमार और अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर ने अभिनय किया है। जबकि डायरेक्टर चंद्रप्रकाश द्विवेदी के निर्देशन में फिल्म बनी है। ये फिल्म 3 जून शुक्रवार को देश के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

शंभू नाथ गौतम