पौड़ी: कल्जीखाल विकासखण्ड के अंर्तगत ग्राम थनुल एवं अमटोला के ग्राम प्रधान एवं पूर्व ऑनरी कैप्टन नरेन्द्र सिंह नेगी आज विधिवित रूप से भाजपा के हो गए। उन्होंने कुछ रोज पहले न्याय पंचायत पंचाली (बनेख) में कहा था कि यदि भाजपा पौड़ी विधानसभा सीट से राजकुमार पोरी को अपना प्रत्याशी बना देती है तो वह उसी दिन भाजपा में शामिल हो जाएंगे। राजकुमार पोरी से उनकी पहली मुलाकात थानेश्वर महादेव मन्दिर में सावन के माह अंतिम सोमवार को दर्शन करने के दौरान हुयी थी। कैप्टन नेगी पोरी की धार्मिक आस्था एवं विचारों से वह काफी प्रभावित हुए थे।

कैप्टन नेगी के पिताजी स्वर्गीय श्रीचन्द्र सिंह नेगी 90 के दशक में कल्जीखाल भाजपा मण्डल के उपाध्यक्ष हुआ करते थे। वे बीडीसी सदस्य भी रहे हैं। उस दौरान वह जिला महामंत्री रमेश रावत के करीबी होते थे। उस दौर में भाजपा संगठन में गिने चुने पदाधिकारी होते थे। उन्हीं के पदचिन्हों पर चलकर कैप्टन नरेन्द्र सिंह नेगी ने प्रधान के रूप में जनसेवा करने की शुरुआत की और आज एक राजनैतिक दल का भी हिस्सा बन गए हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक डुकलानं ने उनका स्वागत फूलमालाओं के साथ गर्मजोशी से किया। इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।

इस अवसर पर कैप्टन नेगी ने कहा कि उनके भाजपा परिवार में आने से भाजपा को लाभ होगा। बता दें कि कैप्टन नेगी क्षेत्र के पूर्व सैनिक संगठन एवं प्रधान संगठन के संरक्षक भी हैं। वह समाजिक क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हैं। हाल में श्रीनगर में प्रधानों के साथ युवा मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम में उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकत भी हुई थी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर उनकी मुख्यमंत्री से बातचीत सकारात्मक रही।

वहीँ वर्तमान मण्डल अध्यक्ष अशोक डुकलानं ने बताया कि वह पूर्व में भी कैप्टन नेगी को भाजपा में शामिल करने हेतु स्वयं उनके घर अमटोला गए थे। उनके लगाव औऱ प्रयासों से ही कैप्टन नेगी को भाजपा में शामिल करने में कायम हो गए।

जगमोहन डांगी