पोखड़ा: विकास खण्ड पोखड़ा की दसवीं क्षेत्र पंचायत समिति के कार्यकाल के समापन के मौके पर विकास खंड के अधिकारियों, कर्मचारियों व क्षेत्रीय जनता द्वारा क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत, कनिष्ट प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मोहन आंचल, पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी राम रतन सिंह कंडारी, हिमालयन गढ़वाल विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार पीके तोमर, क्षेत्र पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह, महावीर सिंह, मंजू देवी, देवेश्वरी देवी, अरविंद बंदूनी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत बहुगुणा जी, क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी इस समारोह में उपस्थित रहे। इस मौके पर जहां क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के द्वारा ब्लाक प्रमुख द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों का सार सभी के सामने रखा गया, वही ब्लॉक प्रमुख द्वारा सभी जन प्रतिनिधियों, अधिकारी, कर्मचारियों एवं क्षेत्रीय जनता का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया।

युवा कर्मठ जुझारू क्षेत्र प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत के सशक्त नेतृत्व ने अभूतपूर्व उपलब्धियाँ पोखड़ा को दी हैं। इसमें प्रमुख  उपलब्धियां हिमालयन विश्वविद्यालय, राजकीय डिग्री कालेज और प्रथम बार पोखड़ा महोत्सव का आयोजन करवाना है।

इस मौके पर गढ़वाल की वीर बाला तीलू रौतेली को याद करते हुए उनके जन्मदिवस (8 अगस्त) पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा का संचालन संजय गुसाईं द्वारा किया गया।

जगमोहन डांगी