Anusuya Prasad Makhuri dies

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष अनुसूया प्रसाद मैखुरी का आज देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। कर्णप्रयाग विधानसभा से पूर्व विधायक रह चुके अनुसूया प्रसाद मैखुरी को कोरोना संक्रमण के चलते देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालाँकि उनकी दोनों किडनी फेल होने के बाद उनका डायलिसिस किया जा रहा था। हालत काफी बिगड़ जाने के चलते उन्हें वैंटिलेटर पर रखा गया था।

डॉ. अनुसूया प्रसाद मैखुरी 2002 से 2007 तकं बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र और 2012 से 2017 तक कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रहे। डॉ. मैखुरी उत्तराखंड विधानसभा के उपाघ्यक्ष भी रहे। उनके निधन पर कांग्रेस सहित सभी राजनैतिक दलों के नेताओं में गहरा शोक प्रकट किया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व अन्य कांग्रेजजनों ने अनुसूया प्रसाद मैखुरी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने अनुसूया प्रसाद मैखुरी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और इसे प्रदेश की अपूरणीय क्षति बताया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत मैखुरी के आकस्मिक निधन पर जताया गहरा दुःख 

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष रहे अनुसूया प्रसाद मैखुरी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
स्व. मैखुरी के निधन पर जारी अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री  ने कहा कि अनुसूया प्रसाद मैखुरी लोकप्रिय विधायक, कुशल राजनीतिज्ञ, समाजसेवी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्ति थे।