Graphic Era student Maitri Rawat got a package of 54.80 lakhs in Google

देहरादून : वैश्विक महामारी कोरोना के कारण पैदा हुए हालातों से एक ओर दुनियाभर में लाखों लोगों की नौकरियों पर संकट आया है। यहाँ तक कि कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी इन्क्रीमेंट, प्रोमोशन पर भी रोक लगाने के साथ नई भर्ती प्रक्रिया भी रोक रखी है। परन्तु कुछ होनहार युवा भी हैं। जो इस कोरोना संकट काल में भी अपनी काबिलियत के दम पर दुनिया की टॉप कंपनियों को रिकॉर्ड पैकेज देने पर मजबूर कर रहे हैं।

जी हाँ देहरादून के मोहकमपुर निवासी मैत्री रावत को दुनिया की टॉप कंपनी गूगल ने 54.80 लाख रुपये के पैकेज पर नियुक्ति ऑफर की है। मैत्री रावत का सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर चयन हुआ है। मैत्री रावत ने ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी से कम्प्यूटर साइंस में बीटेक किया है। बीटेक के अंतिम वर्ष में गूगल में प्लेसमेंट के लिए कोडिंग टेस्ट के बाद मैत्री के साक्षात्कारों का दौर शुरू हो गया था। अब गूगल ने मैत्री रावत का सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर प्लेसमेंट करने की घोषणा की है। मैत्री के पिता मोहन सिंह रावत एयरफोर्स से अवकाश ग्रहण करने के बाद बैंक में कार्यरत हैं।

गूगल में प्लेसमेंट मिलने से पहले भी मैत्री का कोग्नीजेंट, कैब जैमनाई, टीसीएस और इंफोसिस जैसी नामी कम्पनियों में भी सलैक्शन हो गया था। मैत्री ने इस कामयाबी का श्रेय ग्राफिक एरा की उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और खुद क्लास लेने वाले ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला और अपने माता पिता को दिया है।

इससे पहले पिछले हफ्ते ही अमेरिकी मूल की विख्यात कम्पनी माइक्रोसॉफ्ट ने ग्राफिक एरा के बी टेक कम्प्यूटर साईंस के छात्र दीपक सिंह रौतेला को 40.37 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर प्लेसमेंट के लिए चुन लिया था। लॉकडाउन के दौरान प्लेसमेंट के कीर्तिमान बनाने वाले ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं की एक के बाद एक बड़ी कामयाबी से छात्र-छात्राओं में नई उम्मीद जगी है।