पौड़ीपौड़ी गढ़वाल के चाकीसैंण तहसील के मरखोला गांव में घास लेने गयी महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार के हमले में महिला के चेहरे और सिर पर गहरे घाव हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को चाकीसैंण तहसील के मरखोला गांव की महिला देवी अपने खेतों में घास काटने गई थी। इसीबीच घात लगाये बैठे गुलदार ने महिला पर अचानक हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर गाँव के अन्य लोग भी वहां पहुंचे और शोर मचाना शुरू किया। जिससे गुलदार घबराकर महिला को छोड़कर भाग गया। हालांकि तब तक गुलदार ने महिला के चेहरे और सिर पर घाव कर महिला को घायल कर दिया था।

जिसके बाद ग्रामीणों द्वारा घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चाकीसैंण में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों के उपचार के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इससे पूर्व बीते 28 अप्रैल को पौड़ी के नागदेव रेंज के अन्तर्गत कोट ब्लाक के छैतुड़ गांव में घर पर सो रहे युवक पर गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया था।