पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में गुलदार का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार शाम जिला मुख्यालय से सटे खांड्यूसैंण-ओजली गांव में गुलदार ने एक 7 साल की बच्ची पर हमला कर उसे जंगल में घसीट लिया। ग्रामीणों की घंटों की तलाश के बाद बच्ची का शव बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच 7 साल की मासूम बच्ची खांड्यूसैंण से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे जंगल की ओर घसीट ले गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और जंगल में तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव बरामद हुआ। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद ओजली, खांड्यूसैंण और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले लंबे समय से क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा गंभीर संकट में है। शाम ढलते ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने की मांग की। लोगों ने “वन मंत्री पौड़ी आओ” के नारे लगाते हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि पौड़ी जनपद में लगातार हो रहे गुलदार के हमलों के बावजूद अब तक प्रभावी और स्थायी कदम नहीं उठाए गए हैं।
मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि केवल घटनाओं के बाद आश्वासन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त, निगरानी बढ़ाने, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने तथा आदमखोर गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की।
उधर, गढ़वाल प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) महातिम यादव ने बताया कि संबंधित गुलदार को आदमखोर घोषित करने के लिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को प्रस्ताव भेज दिया गया है। वन विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लगातार बढ़ रहे गुलदार के हमलों से पौड़ी जिले के ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सरकार और वन विभाग से मांग की है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी रणनीति बनाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

















