जेपी नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नढ़्ढा ने आज चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय मैदान में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कि “मुझे इस चुनावी सभा के माध्यम से इस देवभूमि के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में आने का सौभाग्य मिला। उत्तराखंड की भूमि जिसे हम क्रान्तिकारियों, ऋषि-मुनियों, देवी-देवताओं और देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वालों वीर सपूतों की भूमि कहते हैं मैं उसे नमन करता हूं।”

उन्होने कहा कि सतपाल महाराज जैसे बढ़े कद के नेता के प्रचार में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उनके द्वारा किये गए कार्यों से समूचा गढ़वाल कृतज्ञ है। पहाड़ के विकास में महाराज के कार्यों व उनकी सोच को हमेशा सराहा जाएगा। सतपाल महाराज का व्यक्तित्व इतना बड़ा है कि वह चुनाव लडे़ और मैं न जाऊं ऐसा हो नहीं सकता। इसलिए यहां मैं सिर्फ हाजिर होने आया हूँ कि सारी पार्टी सतपाल महाराज के साथ इस चुनाव को आगे बढा रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यहाँ चुनाव कार्यक्रम में आने से पूर्व मै सोच रहा था कि यहाँ चुनाव की दृष्टि से कोई आवश्यकता तो है नहीं! क्योंकि सतपाल महाराज न ही सिर्फ चौबट्टाखाल, न ही उत्तराखंड बल्कि अन्य राज्यों में भी भाजपा के प्रचार और प्रसार के लिए जाकर कमल खिलाने का काम करते हैं। उनके उद्गम स्थान पर तो कमल खिला ही हुआ है और खिला ही रहेगा ऐसा मेरा मानना है। इसलिए ऐसे सतपाल महाराज के क्षेत्र में मैं जाकर बोट मांगू इसकी कोई आवश्यकता तो है नहीं।

उन्होने कहा कि जहां तक सवाल भारतीय जनता पार्टी का है तो सतपाल महाराज मुझे अपने क्षेत्र के हर मंडल में किए गये कार्यों का बुकलेट दिखा रहे थे, उसके बाद उन्होंने विधानसभा में किए गए कार्यों का भी संपूर्ण दस्तावेज मुझे दिखाया। शायद ही आपने कभी किसी पार्टी का और कोई नेता देखा है जो 5 साल बाद अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच आता हो। यह भारतीय जनता पार्टी है, यह नरेंद्र मोदी की संस्कृति है जहां हमारा नेता छाती ठोक कर के जनता के बीच में जाता है और कहता है मैंने जो कहा था वह किया है और जो कहेंगे वह करके दिखाएंगे।

नढ़्ढ़ा ने महाराज को पूरे प्रदेश का नेता बताते हुए कहा कि वे सारे प्रदेश का विकास कर रहे हैं। वह सबका ध्यान रखते हैं। वह प्रदेश के संस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी विकास की चिंता करते हैं। उत्तराखंड से मोदी जी का जो प्यार है। उसे धरती पर उतारने का काम सतपाल महाराज ने चैबट्टाखाल से लेकर पूरे उत्तराखंड में किया है। उन्होंने कहा महाराज रेल मंत्री थे तब उन्होने ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन का सर्वे कराया था। भाजपा के शासन में इस पर कार्य आगे बढ़ा। यह एक बदलता हुआ उत्तराखण्ड है। हमारी पार्टी गरीबों, शोषितों, वंचितों और महिलाओं के लिए काम कर रही है। उन्होने कहा कि अगर मोदी जी के हाथों में देश सुरक्षित है तो महाराज जी के हाथों में उत्तराखंड सुरक्षित है।

तो वही महाराज ने कहा की वे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने उनकी विधानसभा में पहुंचकर उनके पक्ष में मतदान करने की अपील है उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पिछले 5 सालों में बहुत विकास कार्य क्षेत्र सहित प्रदेश में किया गया है जो दिखाई दे रहा है और जिन विकास कार्यों की मोहर मतदान के दिन मतदाता कमल के फूल पर लगाने वाले हैं।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, भाजपा जिला अध्यक्ष संपत सिंह रावत, पूर्व विधायक व मंत्री अमृता रावत, मंडल अध्यक्ष महिपाल सिंह नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, डा. मोहन सिंह रावत, सरताज सिंह, अशोक ठाकुर आदि भाजपा के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ सैकड़ों लोग उपस्थित थे।