jaish-e-Mohammad

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद विरोधी दस्ते (ATS) टीम को शुक्रवार को बड़ी कामयाबी मिली है। प्राप्त सूचना के अनुसार यूपी ATS ने सहारनपुर के देवबंद से आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। इन दोनों संदिग्ध आतंकवादियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस और आपत्तिजनक जेहादी सामग्रिया मिली हैं। यूपी पुलिस का कहना है कि ये दोनों संदिग्ध कश्मीर के रहने वाले हैं जो यहां जैश के लिए युवाओं की भर्ती करने आए थे।jaish-e-mohhamad-terrorist

उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि आतंकियों के बारे में खुफिया जानकारी  मिलने के बाद एटीएस ने सहारनपुर से जैश के दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किये गए दोनों संदिग्धों में से एक शाहनवाज, कुलगाम और आकिब अहमद मलिक पुलवामा, कश्मीर का रहने वाला है। दोनों की उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच है। ये दोनों आतंकी संगठन जैश के लिए युवाओं का ब्रेन वॉश के बाद भर्ती करने आए थे। इनके पास से 32 बोर के पिस्टल और जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके अलावा इनके पास से जेहादी बातचीत की सामग्री, वीडियो और तस्वीरें मिली हैं जिनकी हम जांच करेंगे। एटीएस दस्ते ने यह गिरफ्तारी गहरी छानबीन के बाद की है। दोनों आतंकियों में से शाहनवाज को ग्रेनेड का एक्सपर्ट कहा जा रहा है। दोनों संदिग्ध आतंकी छात्र के रूप में सहारनपुर में रह रहे थे। खुफिया सूचना के आधार पर पिछले कुछ दिनों से यूपी पुलिस का आतंकवाद रोधी दस्ता दोनों की तलाश में जुटा था। आखिरकार यूपी एटीएस की टीम ने गुरुवार देर रात सहारनपुर के देवबंद में ईदगाह के निकट प्राइवेट हॉस्टल छापा मारकर इस दोनों को गिरफ्तार किया।