नई दिल्ली: उत्तराखण्ड के सुप्रसिद्ध लोकगायक गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी एवं ख्याति प्राप्त नाट्य समीक्षक दीवान सिंह बजेली को देश की सबसे प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी द्वारा वर्ष 2018 के संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार के लिए चुना गया है। मंगलवार को संगीत नाटक अकादमी द्वारा वर्ष 2018 के लिए अकादमी रत्न और अकादमी पुरस्कार की घोषणा की गई। उत्तराखण्ड में संगीत के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी तथा ख्याति प्राप्त नाट्य समीक्षक दीवान सिंह बजेली को साल 2018 का अकादमी पुरस्कार दिया जायेगा। यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्वारा एक समोराह में दिया जाता है।
मशहूर तबलावादक जाकिर हुसैन, प्रख्यात नृत्यांगना एवं राज्यसभा की मनोनीत सदस्य सोनल मान सिंह, के. कल्याण सुन्दरम और जतिन गोस्वामी को संगीत रत्न पुरस्कार (अकादमी फेलोशिप) के लिए चुना गया है। जबकि उत्तराखण्ड के सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी, दीवान सिंह बजेली, पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त लोकगायिका मालिनी अवस्थी समेत 44 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। यह पुरस्कार संगीत की विभिन्न विधाओं, नृत्य, रंगमंच, पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य, नाटक आदि के लिए दिया जाता है। संगीत, नाटक और नृत्यकला को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से संगीत नाटक अकादमी की स्थापना वर्ष 1953 में की गयी थी। 1961 में इसका पुनर्गठन किया गया।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दी बधाई
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रसिद्ध लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार-2018 मिलने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति एवं लोक विधा के विकास के लिए समर्पित व्यक्तित्व के धनी नरेन्द्र सिंह नेगी को दिया गया यह प्रतिष्ठित सम्मान उत्तराखण्ड का भी सम्मान है। मुख्यमंत्री ने श्री नेगी के यशस्वी दीर्घ जीवन की भी ईश्वर से कामना की है।
यह भी पढ़ें: