adwani-forest

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर अदवानी के घने जंगल में एक प्रेमी अपनी प्रेमिका को खाई में फेंक कर फरार हो गया। ग्रामीणों द्वारा 108 आकस्मिक सेवा की मदद से महिला को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है, जबकि उसका प्रेमी पौड़ी के नजदीक किसी गांव का बताया जा रहा है। महिला को अपने प्रेमी के गाँव के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार देर शाम करीब ग्रामीणों को अदवानी के जंगलों में खाई से किसी महिला के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद लोगों ने नीचे जाकर देखा कि एक महिला खाई में गिरी हुई है। लोग महिला को खाई से निकालकर सड़क तक ले कर आये और 108 आकस्मिक सेवा द्वारा जिला चिकित्सालय पौड़ी पहुंचाया गया। खाई में गिरने से महिला के कन्धे और पाँव में गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस पूछताछ में पीड़ित महिला ने बताया कि वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। पौड़ी के निकट के किसी गांव के बीरेन्द्र नामक एक व्यक्ति के साथ उसका 2 साल से अफेयर चल रहा था। वह उसके गांव के बारे में नहीं जानती है। बीरेन्द्र दिल्ली में नौकरी करता है। पिछले 2 वर्षी से वह बीरेंद्र के साथ दिल्ली में लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। उसने बताया कि बीरेन्द्र उसे अपने गांव घुमाने के बहाने शनिवार को पौड़ी लेकर आया।

महिला ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे वे दोनों अदवानी पहुंच गए थे। और शाम करीब सात बजे तक वे यहीं घूमते रहे। जिसके बाद बीरेन्द्र उसे गांव ले जाने के बहाने किसी पैदल रास्ते पर ले गया। कुछ दूर जाते ही वीरेन्द्र उसे खाई में धक्का देकर फरार हो गया। महिला लुढ़कते हुए करीब 100 मीटर खाई में जा गिरी।

बतादें कि अदवानी के घने जंगल में अक्सर दिन में भी तेंदुए घूमते हुए दिखाई देते हैं. महिला की किस्मत अच्छी थी कि अदवानी के घने जंगल गुलदार (तेंदुए) की नजर उस पर नहीं पड़ी। और महिला की चीख पुकार सुनकर उसकी मदद के लिए ग्रामीण समय पर पहुँच गए। वर्ना उस घने जंगल में महिला गुलदार का निवाला बन गई होती। महिला का जिला चिकित्सालय पौड़ी में इलाज चल रहा है। महिला आरोपी युवक के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई है। राजस्व पुलिस जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

देवभूमि संवाद के लिए अदवानी से जगमोहन डांगी