श्रीनगर गढ़वाल : बीते बुधवार को श्रीनगर से कुछ दूर खंडाह के जंगल में घास लेने गई भक्तियाना की 40 वर्षीय महिला को निवाला बनाने वाले आदमखोर तेंदुए को आख़िरकार कल रात शिकारी जॉय हुकिल ने मार गिराया गया। मारा गया तेंदुआ नर है, जिसको आदमखोर बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक यह पुष्ट नहीं हो पाई है की तेंदुआ आदमखोर था। गुलदार के पोस्टमार्टम के बाद ही इसके आदमखोर होने की पुष्टि हो पायेगी। गढ़वाल फारेस्ट डिवीज़न पौड़ी के डीएफओ लक्ष्मण सिंह रावत ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बछेली गांव के पास पिंजरे लगाये थे। शिकारी व वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। सोमवार रात करीब 10 बजे के आस पास गुलादर बछेली के पास दिखा। रात करीब 11 बजे शिकारी जॉय हुकिल को इस नरभक्षी तेंदुए को मारने में सफलता मिली। क्षेत्रवासियों के लिए दहशत बने तेंदुए के मारे जाने से आसपास के गाँव वालों ने राहत की सांस ली है। हालंकि लोगों का कहना है कि इसके साथ एक मादा तेंदुआ भी इस इलाके में मौजूद है। जिसका डर अभी भी लोगों के अन्दर बना हुआ है। लोगों की मांग है कि मादा तेंदुए को भी जल्द से जल्द मार गिराया जाए।
बतादें कि बीते 23 अक्टूबर की सुबह श्रीनगर लोवर भक्तियाना की रहने वाली 40 वर्षीय महिला मीना नौटियाल 2 अन्य महिलाओं के साथ खंडाह के नजदीक जंगल में घास लेने गई हुई थी। इसी बीच घात लगाकर बैठे आदमखोर तेंदुए ने महिला पर अचानक हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से घबराकर अन्य दोनों महिलायें वहां से जान बचाकर भाग गई। परन्तु मीना नौटियाल खुद को हमले से बचा नहीं सकी। और तेंदुए ने उसे मौत के घाट उतार दिया। तेंदुआ महिला को घसीटते हुए घटनास्थल से काफी दूर ले गया। घटना की सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने गाँव के लोगों के साथ मिलकर जंगल में खोजबीन की और काफी खोजबीन के बाद महिला का क्षत-विक्षत शव जंगल में मिला। मृतक महिला मीना नौटियाल, पत्नी हरीश नौटियाल मूलरूप से गिरगाँव की रहने वाली थी और वर्तमान में लोवर भक्तियाना श्रीनगर में रह रही थी। बताया जा रहा है कि आज उनकी बेटी का जन्मदिन था।
यह भी पढ़ें: