compulsory-retirement

पौड़ी गढ़वाल: जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन पौड़ी गढ़वाल ने जनपद के बीरोंखाल ब्लॉक के उपखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विभिन्न जूनियर हाईस्कूलों के 5 शिक्षकों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति पर दिये गये नोटिस का कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार को जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) जनपद पौड़ी गढ़वाल को ज्ञापन देते हुए इस सम्बंध में उप शिक्षा अधिकारी बीरोंखाल, द्वारीखाल, दुगड्डा, जयहरीखाल के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन पौड़ी के जिला अध्यक्ष कुंवर सिंह राणा ने कहा कि अभी तक प्रदेश के किसी भी जनपद एवं विकासखण्ड में अनिवार्य सेवानिवृत्ति से सम्बंधित कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। केवल पौड़ी जनपद में उक्त कार्रवाई शुरू की गई है। निदेशालय स्तर से शिक्षकों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति को लेकर अभी तक कोई मानक तय नहीं हुए है। ऐसे में विकासखण्ड बीरोंखाल के जिन 5 शिक्षकों के नाम अनिवार्य सेवानिवृत्ति में हैं, उप शिक्षा अधिकारी बीरोंखाल द्वारा एक माह पूर्व अनिवार्य सेवानिवृत्ति हेतु आख्या प्रेषित करना शिक्षकों के साथ एक अन्यायपूर्ण कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

वहीँ संगठन के जिला मंत्री मुकेश काला ने कहा कि शिक्षक सेवानियमावलियों के विरूद्ध की गई एक तरफा कार्रवाई का संगठन विरोध करता है। यदि शिक्षकों को दिये गये नोटिस निरस्त नहीं किये गये तो जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ जनपद के शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विभाग की होगी।

इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयचन्द्र आर्य, कोषाध्यक्ष संजय केडियाल, संयुक्त मंत्री सतीश कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।