श्रीनगर गढ़वाल: विकास खण्ड खिर्सू के राजकीय इंटर कॉलेज मरखोडा में मंगलवार को संविधान दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. जिसमें विद्यालय परिवार एवं अजीम प्रेमजी फाउडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संविधान से सम्बंधित विडियो पोस्टर प्रदर्शनी भी दिखाई गई. स्कूल के छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गई वीडियो प्रदर्शनी में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भी बातचीत की गयी। आयोजन में प्रभारी प्रधानाचार्य कैलाश पुण्डीर, प्रवेश चमोली, केडी सेमवाल, अजीम प्रेमजी फाउडेशन के गढ़वाल प्रभारी जगमोहन कठैत, प्रदीप अडथ्वाल, स्वीटी, जय प्रकाश डिमरी, रेखा सांगवान, बबिता भूषण, अरूणा नौटियाल रहे. कार्यक्रम का संचालन महेश गिरि ने किया. मुख्यवक्ता के रूप में जगमोहन कठैत एवं स्वीटी रहे। इस अवसर पर संविधान की शपथ भी दिलायी गयी. भारतीय संविधान की प्रस्तावना “हम भारत के लोग, भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त करने के लिए तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प होकर अपनी इस संविधान सभा में आज तारीख 26 नवंबर, 1949 ई० (मिति मार्गशीर्ष शुक्ल सप्तमी, संवत दो हज़ार छह विक्रमी) को एतद द्वारा संविधान को अंगीकृत, अधिनियिमत और आत्मार्पित करते हैं.”
देश के संविधान को आज ही के दिन 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा द्वारा स्वीकार किया गया जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान निर्माण हेतु संविधान सभा द्वारा ड्राफ्टिंग कमेटी का गठन किया गया. जिसका चेयरमेन संविधान विशेषज्ञ डॉ. बीआर अम्बेडकर को बनाया गया. जिन्होंने 141 दिन में संविधान का ड्राफ्ट बनाकर संविधान सभा के विचार हेतु सदन में रखा। समापन पर प्रभारी प्रधानाचार्य कैलाश पुण्डीर ने आज के सफलतम आयोजन के अजीम प्रेमजी फाउडेशन के साथियों का आभार व्यक्त किया.



