Yashika became an officer in the army

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखण्ड की बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। ऐसी ही एक बेटी ने आज थल सेना में अधिकारी बनकर अपने गाँव के साथ-साथ पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत पट्टी चलणस्यू के भैंसकोट गांव की याशिका नयाल शनिवार 7 मार्च को ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) चेन्नई से पास आउट होकर बतौर लेफ्टिनेंट थल सेना में शामिल हुई हैं।

Yashika became an officer in the army

याशिका की इस उपलब्धि पर क्षेत्र वासियों सहित पूरे प्रदेश के लोगों ने खुशी जताई है। ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई से पास आउट होकर भारतीय सेना का हिस्सा बनी याशिका के कन्धों पर लेफ्टिनेंट जनरल संजीव कमल के साथ उनके माता पिता ने विंग्स (स्टार) लगाए। मूलरूप से भैसकोट, बुघाणी, पौड़ी गढ़वाल निवासी याशिका के पिता योगेंद्र नयाल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण में वरिष्ठ ड्राफ्ट्समैन के पद पर कार्यरत हैं जबकि उनकी माता वीना नयाल एक गृहणी हैं।

याशिका के पिता योगेंद्र सिंह नयाल ने बताया कि याशिका ने देहरादून के कान्वेंट ऑफ़ जीसस एंड मैरी स्कूल से 12वीं (92% अंकों के साथ) पास करने के बाद 2017 में  चंडीगढ़ से ग्रेजुएशन किया। उसके बाद उन्होंने पिछले साल सीडीएस क्वालीफाई करने में कामयाबी हासिल की। ऑफिसर ट्रेनिंग अकैडमी चेन्नई में एक साल की कड़ी ट्रेनिंग लेकर आखिरकार वह आज थल सेना में बतौर लेफ्टिनेंट शामिल हुई।

याशिका ने पहाड़ की लड़कियों के लिए मिसाल पेश की है। याशिका के सामने तमाम चुनौतियां थी लेकिन उसने चुनौतियों से भागने के बजाय इसका डट कर करने का निर्णय लिया और आखिरकार सफलता प्राप्त की।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2020 पर कल 8 मार्च को भारत सहित पूरे विश्व में महिलाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उत्तराखण्ड के पौड़ी गढ़वाल की बेटी ने भारतीय सेना में अधिकारी बनकर पूरे प्रदेश की महिलाओं को सौगात दी है।