CBSE board 10th and 12th examinations to be held in July

नई दिल्ली : कोरोना महामारी के चलते देशभर में किये गए लॉकडाउन की वजह से CBSE बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षायें बीच में ही रोक देनी पड़ी थी। इस बची हुई परीक्षाओं को छात्र-छात्राएं अपने ही स्कूल में दे सकेंगे। परीक्षा के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन छात्रों को स्वयं करना होगा। उन्हें अपने साथ सैनिटाइजर ले जाना होगा और अपना चेहरा मास्क से कवर करना होगा। परीक्षाओं के आयोजन को लेकर केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि “सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की बची हुई परीक्षाएं छात्रों के स्कूलों में आयोजित की जाएंगी, न कि बाहरी केंद्रों पर। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का रिजल्ट जुलाई के अंत में घोषित किया जा सकता है।” 10वीं और 12वीं बोर्ड की बची हुई परीक्षाएं 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच आयोजित की जाएँगी। 12वीं कक्षा के बचे हुए पेपरों के लिए परीक्षा पूरे देश में आयोजित होगी जबकि 10वीं कक्षा की शेष परीक्षा केवल उत्तर पूर्व दिल्ली के लिए आयोजित की जाएंगी। उत्तर पूर्व दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के चलते उस समय परीक्षायें स्थगित करनी पड़ी थी।