youth-congress-pauri

पौड़ी : आज भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस पौड़ी के द्वारा अगस्त क्रांति व युवा कांग्रेस स्थापना दिवस पर महात्मा गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण व पुष्पार्जित किये व मिष्ठान वितरण किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य राजपाल बिष्ट ने कहा कि हम भले ही आजाद भारत में सांस ले रहे हैं, लेकिन इसके लिए हजारों राष्ट्रभक्त वीर-वीरांगनाओं ने अपना जीवन न्यौछावर किया है।

द्वितीय विश्व युद्ध में समर्थन लेने के बावज़ूद जब अंग्रेज़ भारत को स्वतंत्र करने को तैयार नहीं हुए तो राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने भारत छोड़ो आंदोलन के रूप में आज़ादी की अंतिम जंग का ऐलान कर दिया। जिससे ब्रितानिया हुक़ूमत में दहशत फैल गई। 8 अगस्त 1942 को अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के बम्बई सत्र में भारत छोड़ो आंदोलन का प्रस्ताव पारित होने से ब्रितानिया हुक़ूमत सतर्क हो गई। लिहाजा गांधीजी को अगले ही दिन पुणे के आगा खां पैलेस में क़ैद कर दिया गया। अहमदनगर क़िले में जवाहरलाल नेहरू एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल सहित कांग्रेस के सदस्यों को नजरबंद किया गया। इसके बाद बाद युवा नेत्री अरुणा आसफ अली ने 9 अगस्त को मुम्बई के गवालिया टैंक मैदान में तिरंगा फहराकर कांग्रेस और गांधीजी के भारत छोड़ो आंदोलन का शंखनाद कर दिया।

युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि अंग्रेजी हकूमत ने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों और निर्दोष लोगों को गोली से उड़ा दिया तथा एक लाख से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित स्वाधीनता सेनानियों को देशभर में गिरफ़्तार कर लिया गया। इसके बावज़ूद आंदोलन पूरे जोरशोर से देशभर में चलता रहा। स्वतन्त्रता आन्दोलन में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देने वाले वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानीयों को सादर नमन। प्रतिमा में पुष्पार्जित करने वालो में प्रदेश सचिव एनएसयूआई मोहित सिंह, विधानसभा अध्यक्ष आकाश रावत, युवा जिला सचिव दीपक नौटियाल, नगर अध्यक्ष अंकित सुंदरियाल, शाहिल चौहान, प्रियांश रावत, अमन नेगी आदि मौजूद रहे।