पौड़ी : बीती रात को पौड़ी गढ़वाल के कोट ब्लॉक के अंतर्गत बनेलस्यूं पट्टी के खाण्डा गांव में घर के नीचे बनी गैशाला में गुलदार के घुसने से पूरे गाँव के दहशत फ़ैल गई। हालाँकि गृह स्वामी द्वारा बहादुरी दिखाते हुए गुलदार को गौशाला के अन्दर ही बंद कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोट ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम खाण्डा के पशुपालक बलवंत सिंह के घर (गौशाला) में कल रात करीब 12 बजे गुलदार (तेंदुआ) घुस गया। गुलदार ने गौशाला में बंधी बछिया पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बलवंत सिंह की नींद खुली और आनन-फानन में वह गौशाला की ओर दौड़े। जहाँ उन्होंने देखा की गुलदार बछिया को अपना निवाला बना रहा है। उन्होंने बहादुरी और समझदारी दिखाते हुए जल्दी से गौशाला का दरवाजा बंद कर गुलदार को गौशाला के अन्दर कैद कर दिया।
आज सुबह इस घटना की जानकारी समाजिक कार्यकर्ता परवेंद्र नयाल द्वारा हमारे संवाददाता जगमोहन डांगी को दी गई। जगमोहन डांगी ने घटना की सूचना रेंजर अनिल भट्ट, नागदेव रेंज, पौड़ी को दी। जिसके बाद रेंजर अनिल भट्ट, वन दरोगा धनसिंह, वन विभाग की टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और कडी मशक्कत के बाद गुलदार को पिंजरे में कैद किया गया। वन विभाग की टीम गुलदार को पौड़ी ले गई है। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गुलदार को पिंजरे में कैद करने वाली वन विभाग की टीम में रेंजर अनिल भट्ट, वन दरोगा धनसिंह, पवन गौनियाल, बलदेव आदि वन आरक्षी शामिल थे।