ca-mohan-kala

श्रीनगर गढ़वाल : उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) में शामिल हुए समाजसेवी व उद्यमी मोहन काला के स्वागत में शनिवार को उक्रांद कार्यकर्ताओं द्वारा पौड़ी चुंगी से एक भव्य रैली निकाली गई। यूकेडी में शामिल होने के बाद पहली बार श्रीनगर पहुंचे समाज सेवी मोहन काला के समर्थन में आयोजित रैली में यूकेडी के शीर्ष के नेताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मोहन काला को भव्य रैली के साथ शहर के सभी प्रमुख मार्गो से होते हुए श्रीनगर के रामलीला मैदान ले जाया गया। जहां एक जनसभा का आयोजन किया गया।

रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मोहन काला ने भाजपा तथा कांग्रेस पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि इन दोनों पार्टियों ने राज्य बनाने की अवधारणा को ही पूरी तरह धराशायी कर दिया। आज पहाड़ से पलायन रुकने के बजाय और तेज हो गया। खेती बागवानी समाप्ति के कगार पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि उक्रांद अब उत्तराखंड को बचाने की लड़ाई पुन: शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि यूकेडी ही राज्य वासियों का दर्द समझ सकती है। अगर उक्रांद सत्ता में आई तो शिक्षा और चिकित्सा स्वास्थ्य की आधुनिक सुविधाएं जनता को उपलब्ध कराएगी। पहाड़ों पर छोटे-छोटे उद्योग लगाकर बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा।

यूकेड़ी के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने कहा कि यूकेड़ी ने राज्य बनने को लेकर जो बलिदान दिया है वह लोगों को आज पता चल गया है। उन्होने कांग्रेस और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दोनों पार्टियों ने राज्य में खूब लूट खसूट की है। जिसके चलते आज उत्तराखंड़ राज्य की दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बनी हुई है। कहा कि यूकेडी आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य को बचाने के लिए लड़ाई लड़ेगी। कार्यक्रम का संचालन सुबोध पोखरियाल ने किया।

इस मौके पर यूकेड़ी के संरक्षक काशी सिंह ऐरी के अलावा पूर्व अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार, उक्रांद के पौड़ी जिलाध्यक्ष मनमोहन पंत, केंद्रीय प्रवक्ता जयप्रकाश उपाध्याय, शांति प्रसाद भट्ट, सुरेशानंद जुयाल, विमल बहुगुणा, मोहित डिमरी, किसान प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष नितिन सैनी, केंद्रीय संगठन मंत्री राजेश्वरी रावत, कृष्णकांत कोटियाल, जीड़ी नौटियाल, मदनमोहन नौटियाल सुनील ध्यानी, शांति भट्ट, रंजन रतूड़ी, प्रमिला रावत, चंद्रा सुंदरियाल, सुशीला रावत व रणजीत रावत सहित उक्रांद के कई नेता मौजूद थे।