पौड़ी: जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय दौरे पर पौड़ी पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को जिला मुख्यालय पौड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध झेलना पड़ा। दौरे के दूसरे शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सुबह साढे नौ बजे सर्किट हाउस से ऑडिटोरियम में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक लेने जा रहे थे। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एजेंसी चौक पर एकत्रित होकर सीएम का विरोध किया और नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के विरोध में नारे लगाए। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता नवल किशोर ने बताया कि वर्तमान में भाजपा सरकार में बेरोजगारी और महंगाई चरम सीमा पर है। वहीं विधायक मुकेश कोली पर उनकी ही पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष ने 25 प्रतिशत कमीशन लेकर भ्रष्टाचार को और बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार शुरुआती समय से ही जीरो टॉलरेंस के नाम पर मात्र जनता से छलावा कर रही है। जबकि उनके ही विधायक 25 प्रतिशत कमीशन लेकर स्वयं को ईमानदार बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन चीजों को बर्दाश्त नहीं करेगी। जिसके चलते उन्होंने आज प्रदेश के मुख्यमंत्री के विरोध में नारे लगाते हुए उनका विरोध किया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश सचिव सरिता नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी दीपक कुकसाल, जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, कमला रावत, नीलम रावत, पूर्व प्रमुख कोट नवल किशोर, जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस आशीष नेगी, एनएसयूआइ प्रदेश सचिव मोहित सिंह, वीर प्रताप सिंह, गोपाल नेगी, सरोजनी, सतीश चंद्र, रेखा भंडारी, शशि चमोली, सूरज पंत,संजय कठैत आदि शामिल थे।