car-accident-in-ramnagar

अल्मोड़ा : देशभर में कोरोना संक्रमण की बेकाबू रफ़्तार के चलते एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से प्रवासी लोग अपने-अपने गाँव की ओर लौट रहे हैं। ऐसे ही एक प्रवासी उत्तराखंडी परिवार अपनी बेटी की शादी कराने के लिए गाजियाबाद से सोमवार रात कार में सवार होकर अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण स्थित अपने पैतृक गांव धमेड़ा जा रहा था। इसीबीच आज सुबह करीब आठ बजे रामनगर-बदरीनाथ हाईवे पर भतरौजखान से कुछ दूर हरड़ा के पास में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में पिता पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 5 अन्य लोग घायल हो गए। जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में जान गंवा बैठी लड़की की 27 अप्रैल को शादी होनी थी।

जानकारी के मुताबिक विकासखंड के कपोलीछीना कस्बे से लगे धमेड़ा बाजन गांव निवासी कमल सिंह रावत (55) गाजियाबाद में बस गए थे। 27 अप्रैल को उनकी बेटी किरन (29) का विवाह होना था। कोरोना के चलते उन्होंने गांव से ही शादी कराने का फैसला लिया था। इसी वजह से वे कल रात अपने परिवार के सदस्यों को लेकर दिल्ली से अपने गांव के लिए निकले। सुबह चौड़ीघट्टी के पास हरड़ा के तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। जिसके चलते उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

वाहन सवार 2 लोग किसी तरह खाई से निकलकर सड़क तक पहुंचे। और आसपास के लोगों को हादसे की सूचना दी। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक पिता कमल रावत व पुत्री किरन दम तोड़ चुकी थी। जबकि तीन अन्य बुरी तरह घायल थे। इनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। थानाध्यक्ष भतरौजखान अनीस अहमद, तहसीलदार नेहा रानी ने मय टीम दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। तथा घायलों को 108 सेवा से नजदीकी चिकित्सालय भेजा गया। दुर्घटना में जान गंवा बैठी युवती की 27 अप्रैल को शादी थी। यह भी बताया जा रहा है कि उसी कार में वो लड़का भी था जिससे शादी होनी थी। हादसे में लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया है।