देवप्रयाग : टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विकासखंड के अंतर्गत हिंडोलाखाल क्षेत्र के छाम सिरवा गाँव मे कल शाम घर के आंगन में बर्तन धो रही एक 45 वर्षीय महिला को गुलदार उठाकर ले गया। महिला का अधखाया शव गाँव से आधा किमी दूर जंगल से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटम के लिए भेज दिया है। उधर नरभक्षी गुलदार को मारने के लिए वन विभाग द्वारा मशहूर शिकारी जॉय हुकिल सहित तीन शूटर तैनात किये गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हिण्डोलाखाल क्षेत्र के छाम सिरवा गांव मे रविवार शाम करीब साढे छह बजे घर के आंगन में काम कर रही एक 45 वर्षीय महिला शकुंतला देवी पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया। विधवा महिला गाँव से दूर अकेले घर में दिव्यांग बेटे के साथ रहती थी। जिस कारण गुलदार द्वारा महिला को उठाकर ले जाने की खबर गाँव वालो को देर से लग पायी। ग्रामीण जब शोर मचाते वहाँ पहुँचे तो उन्हें कुछ दूर झाड़ियो में गुलदार महिला को दबोचे दिखा। इससे पहले ग्रामीण उस तक पहुँचते गुलदार तेजी से महिला को घसीटते घनी झाड़ियो के बीच ओझल हो गया।
गाँव वालों की सूचना पर वन रेजर देवेंद्र पुंडीर, तहसील दार एसएस कठैत की अगुवाई में वन विभाग की टीम लदार की खोज में निकल पड़ी। करीब छह घण्टे की मशक्कत के बाद टीम को घने जंगल में महिला का अधखाया शव बरामद हुआ। वन रेजर देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि नरभक्षी गुलदार को मारने की नियत से शव को दो घण्टे के बाद मौके से उठाकर गाँव लाया गया। उन्होंने बताया कि नरभक्षी गुलदार को मारने के लिए शिकारी जॉय हुकिल, जहीर बक्शी व एस चौहान को तैनात किया गया है। रविवार सुबह हिंडोलाखाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाया।
बताया गया है कि गुलदार का शिकार बनी महिला शकुंतला देवी पति व एक बेटे की मौत के बाद 22 वर्षीय दिव्यांग बेटे के साथ गाँव से दूर अकेले घर में रहती थी। आज सुबह क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी भी यहाँ पहुँचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को वन विभाग के तय मानक अंनुसार चार लाख का मुआवजा दिये की बात कही।
बता दें कि देवप्रयाग क्षेत्र में लम्बे समय से गुलदार का आतंक फैला हुआ है। इससे पहले भी बीती 16 जुलाई को गुलदार द्वारा छाम से डेढ़ किमी दूर दुरोगी गाँव मे 21 वर्षीय नव विवाहिता रीना देवी पर भी हमलाकर घायल किया गया था। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।



