कल्जीखाल : कोरोना संक्रमण की रफ़्तार भले ही कम हो गई है, परन्तु अभी भी इस बीमारी का खतरा टला नहीं है। ऐसे में लापरवाही बरतना खतरनाक साबित हो सकता है। अभी भी देशभर में हर रोज कोरोना संक्रमण के लगातार 45 हजार से ज्यादा नए मामले आ रहे हैं। केरल में कोरोना ने सबसे ज्यादा हाहाकार मचा रखा है। अकेले केरल राज्य में पिछले चार दिनों से लगातार 30 हजार से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। उत्तराखंड की बात करें तो यहाँ अभी स्थिति नियंत्रण में है। परन्तु कोरोना की तीसरी लहर की आशंकाओं देखते हुए अभी ढिलाई बरतना घातक हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमण के मामले कभी भी बढ़ सकते हैं।
ताजा मामला पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत विकासखण्ड कल्जीखाल के ग्राम हंसुड़ी एवं नजदीकी कस्बा बांजखाल (थापला) का है जहाँ कोरोना सक्रमण के 13 मामले आने से हड़कंप मच गया। जिसके बाद तहसील प्रसाशन अलर्ट हो गया है। एसडीएम पौडी श्याम सिंह राणा ने बताया विकासखण्ड कल्जीखाल क्षेत्र के पूर्वी मनियारस्यू के हंसुडी व बांजखाल में कोविड-19 जाँच के दौरान 8 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी संक्रमितों को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन किया गया है। इसके अलावा इसी क्षेत्र के थापला गाँव में भी एक ही परिवार के 5 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिनमे से तीन को चमोल्यूंसैण स्थित हंस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है जबकि 2 संक्रमितों को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन किया गया है।
होम क्वारंटीन के दौरान सभी संक्रमित ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, पंचायत मंत्री तथा क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक की निगरानी में रहेंगे। उक्त अवधि में क्वांरटीन व्यक्तियों को स्वास्थ्य सम्बंधित परेशानी होने की दशा में प्राथिमक स्वास्थ्य केन्द्र कल्जीखाल के चिकित्सकों द्वारा संक्रमित व्यक्तियों के उपचार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जगमोहन डांगी



