देहरादूनः उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ रहे हैं। अब तक के नतीजों में बीजेपी एक बार फिर उत्तराखंड में सरकार बनाती दिख रही है।
वहीँ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए हैं। धामी खटीमा से चुनाव लड़ रहे थे। पुष्कर सिंह धामी को कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी ने 6951 मतों से पराजित किया है. खटीमा से भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कुल 40,675 मत मिले है। जबकि कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी को 47,626 मत मिले हैं।
पुष्कर सिंह धामी सत्ता में रहते हुए चुनाव हारने वाले उत्तराखंड के तीसरे मुख्यमंत्री हो गए हैं। इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया था और वह चुनाव हार गए थे। वहीं 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में बीसी खंडूरी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया था, इस दौरान खंडूरी चुनाव हार गए थे।
पूर्व सीएम हरीश रावत की बड़ी हार
लालकुआं विधानसभा सीटे से पूर्व सीएम हरीश रावत को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। उनके प्रतिद्वंदी भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने उन्हें 14 हजार वोटों से हराया है।
कौन बनेगा अगला सीएम ?
उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनाने की और अग्रसर है. अभी तक आये नतीजों/ रुझानों में भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं कांग्रेस 18 सीटों पर बढ़त बनाई हुई हैं। अब जब कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनना तय है. और निवर्तमान मुख्यमंत्री चुनाव हार चुके हैं तो सबसे बड़ा प्रश्न ये खड़ा होता है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा हाईकमान के ऊपर पूरी तरह से निर्भर हो गए हैं। अब देखना होगा भाजपा उन्हें हार के बाद मुख्यमंत्री बनाती है या किसी नए नेता का चुनाव करती है? सबसे खास बात यह है कि उत्तराखंड में विधान परिषद नहीं है। ऐसे में अगर हाईकमान पुष्कर सिंह धामी को राज्य की सत्ता दोबारा सौंपता है तो पुष्कर सिंह धामी को 6 महीने के अंदर उत्तराखंड की किसी भी सीट से विधानसभा का चुनाव जीतना होगा।