चोरगलिया थाना उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना

उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को रेसकोर्स स्थित पुलिस लाईन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने रैतिक परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। राज्यपाल ने विशिष्ट सेवाओं के लिए ‘राष्ट्रपति पुलिस पदक’ प्राप्त पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस पत्रिका 2022 का विमोचन किया गया।

चोरगलिया थाना प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना

नैनीताल जनपद का चोरगलिया थाना प्रदेश के 10 थानों में सर्वश्रेष्ठ रहा। राज्य स्थापना दिवस पर नैनीताल जनपद के चोरगलिया थाने को सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने के रूप में सम्मानित किया गया। राज्यपाल गुरमीत सिंह व सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चौकी इंचार्ज हरेंद्र सिंह नेगी को प्रशस्ति पत्र और अवार्ड देकर सम्मानित किया।

एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलेपमेंट (BPRD) के मापदंड़ों के तहत हर साल प्रदेश की एक चौकी को सर्वश्रेष्ठ अवार्ड दिया जाता है। जिसमें राज्य की 10 पुलिस चौकियां शामिल होती हैं। इस क्रम में जिले से चोरगलिया चौकी का नाम मुख्यालय को भेजा गया था। राज्य स्थापना दिवस पर राज्य की अव्वल चौकियों की घोषणा हुई। जिसमें चोरगलिया पुलिस चौकी पहले स्थान पर रही।

चोरगलिया थाना बीपीआरडीओ के मापदंडों पर बेस्ट

एसएसपी ने बताया कि यह चौकी बीपीआरडीओ के सभी मापदंडों पर खरी उतरी। इससे पहले बनभूलपुरा थाने को यह अवार्ड मिल चुका है। थाने को अवार्ड मिलने पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी हरबीर सिंह, सिटी सिटी भूपेंद्र सिंह धोनी आदि ने खुशी जताई है।

इसलिए मिला था अवॉर्ड

बीते साल डीआइजी की पहल पर कुमाऊं में नवंबर में कुमाऊं परिक्षेत्र के थानों में अपराधों के अनावरण, विवेचना निस्तारण, अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी व लूट की संपत्ति की बरामदगी, अपराधों की रोकथाम के लिए की गई निरोधात्मक कार्रवाई, यातायात को सुगम बनाने की दिशा में की गई कार्रवाई के आधार पर इन थानों का चयन किया गया था।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक विनोद चमोली श्रीमती सविता कपूर, मेयर सुनील उनियाल गामा, मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु, डीजीपी अशोक कुमार, शासन, पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य महानुभाव उपस्थित थे।