India Tops In Population : भारत ने जनसंख्या के मामले में चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के आंकड़ों के मुताबिक भारत अब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला बन गया है। बुधवार को जारी संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) की एक नई रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक भारत की आबादी 142.86 करोड़ पहुंच गई है जबकि चीन की जनसंख्या 142.57 करोड़ है। अब भारत की आबादी चीन से 29 लाख ज्यादा हो गई है। यह पहली बार है कि भारत की जनसंख्या 1950 के बाद से चीन से आगे निकल गई है। संयुक्त राष्ट्र ने पिछले साल यह अनुमान लगाया था कि अगले साल तक भारत सबसे ज्यादा आबादी के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की 25 प्रतिशत आबादी 0 से 14 साल के बीच है। इसके अलावा 18 फीसदी लोग 10 से 19 की उम्र के हैं। 10 से 24 साल तक के लोगों की संख्या 26 प्रतिशत है। वहीं 15 से 64 साल तक के लोगों की संख्या 68 प्रतिशत है और 65 से ऊपर के 7 प्रतिशत लोग हैं। चीन की बात करें तो 0 से 14 साल के बीच 17%, 10 से 19 के बीच 12%, 10 से 24 साल 18%, 15 से 64 साल 69% और 65 से ऊपर के लोगों की संख्या 14% है।
78 देशों की आबादी के बराबर भारत में जन्म ले रहे बच्चे
संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि भारत में हर साल लगभग ढाई करोड़ बच्चों का जन्म होता है। वहीं, सबसे ज्यादा आबादी वाले चीन में भारत की तुलना में लगभग आधे बच्चे पैदा होते हैं। 2022 में चीन में 95 लाख बच्चों का जन्म हुआ था। 2021 की तुलना में ये लगभग 10 फीसदी की गिरावट थी।
संयुक्त राष्ट्र के विश्व जनसंख्या पूर्वानुमान-2022 के अनुसार 2050 तक भारत की जनसंख्या 166.8 करोड़ पहुंच सकती है, वहीं चीन की आबादी घटकर 131.7 करोड़ हो सकती है। संयुक्त राष्ट्र के विश्लेषण के अनुसार भारत की जनसांख्यिकी अलग-अलग राज्य में अलग हो सकती है। इसमें कहा गया कि केरल और पंजाब में बुजुर्ग आबादी अधिक है, वहीं बिहार तथा उत्तर प्रदेश में युवा आबादी अधिक है।
विभिन्न एजेंसियों के अनुमानों ने सुझाव दिया है कि भारत की जनसंख्या लगभग तीन दशकों तक बढ़ती रहने की उम्मीद है। अनुमान है कि 165 करोड़ पर पहुंचने के बाद इसमें गिरावट आयेगी। जनसंख्या विशेषज्ञों ने संयुक्त राष्ट्र के पिछले आंकड़ों का उपयोग करते हुए अनुमान लगाया था कि भारत इस महीने चीन को पीछे छोड़ देगा।
India surpasses China to become the world’s most populous nation with 142.86 crore people, says the United Nations.
According to UNFPA’s The State of World Population Report, 2023, India’s population has reached 1,428.6 million while China’s stands at 1,425.7 million, a… pic.twitter.com/kl3qexumkP
— ANI (@ANI) April 19, 2023