Pithoragarh News: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बीती 12 मई को एक दिल दहला देने वाले चौहरे हत्याकांड के आरोपी का शव घटना के चार दिन बाद आज पेड़ से लटका मिला। गंगोलीहाट के बुरसुम गांव में अपनी पत्नी सहित चार महिलाओं की हत्या करने वाले हत्या आरोपी संतोष राम (40 वर्ष) का शव घटना के चार दिन बाद आज पूर्वान्ह 11 बजे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला है। गर्मी होने के कारण हत्या आरोपी का शव भी सड़ गल चुका है। एसडीआरएफ एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विगत 4 दिनों आरोपित संतोष राम की क्षेत्र के जंगलों में खोजबीन की जा रही थी। आरोपित चार हत्या करने के बाद से फरार था। पुलिस, एसडीआरएफ की टीम आरोपित की खोजबीन में जुटी थी। आज एसडीआरएफ, गंगोलीहाट पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने शव को खोजा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
गौरतलब है कि पिथौरागढ़ जिले की गंगोलीहाट तहसील के बुरसुम गांव में बीती 12 मई को संतोष राम नाम के व्यक्ति ने अपने घर की चार महिलाओं को निर्ममता से हत्या कर दी थी। जिनकी हत्या की गई उनमें आरोपी संतोष राम की पत्नी, ताई, ताई की बहू तथा ताई की बेटी शामिल थी।
बताया जा रहा है कि संतोष राम छोलिया नर्तक था। कुछ समय पहले उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया था। इससे उसका छोलिया नर्तक का काम बंद हो गया। वहीँ उसके चचेरे भाई प्रकाश राम का काम अच्छा चलने लगा। इससे संतोष राम चचेरे भाई प्रकाश राम से रंजिश रखने लगा। रंजिश और गम में वो शराब पीने लगा। बताया जा रहा है कि शराब पीकर वो आए दिन मारपीट और गाली गलौज करता था। 12 मई को आरोपी संतोष राम ने अपने चचेरे भाई प्रकाश राम के घर में घुसकर सोती हुई अपनी ताई, भाभी और विवाहित बहन की गला रेत कर हत्या कर दी थी। आरोपी यहीं नहीं रुका था, इसके बाद उसने अपनी पत्नी चन्द्रा देवी (40) की भी हत्या कर दी थी। चंद्रा देवी का शव उनके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक पुराने मकान में मिला था। चौहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद संतोष राम फरार हो गया था।
इस चौहरे हत्याकांड से इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया था। चार महिलाओं की हत्या से ग्रामीण दहशत में थे।आरोपी से बचने के लिए चचेरा भाई प्रकाश ने गांव छोड़ दिया था। वह अपनी मां बसंती देवी और बच्चों के साथ अपनी ससुराल कोठेरा गांव चला गया। हत्या आरोपी का शव मिलने के बाद अब प्रकाश एवं अन्य ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
एसडीआरएफ, गंगोलीहाट पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम उसे ढूंढ रही थीं। लेकिन संतोष राम किसी के हाथ नहीं आया। आज गांव के जंगल में संतोष राम का शव बरामद हुआ है। ऐसी आशंका है कि उसने आत्महत्या कर ली होगी। शव बहुत खराब हालत में मिला है।