Home उत्तराखण्ड भारतीय मजदूर संघ ने जीएमवीएन में मनाया 70वाँ स्थापना दिवस

भारतीय मजदूर संघ ने जीएमवीएन में मनाया 70वाँ स्थापना दिवस

ऋषिकेश: भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध जीएमवीएन कर्मचारी संघ ने संघ का 70वां स्थापना दिवस उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर संघ के संस्थापक द्तोपंत ठेंगडी के चित्र पर माल्यार्पण कर उपस्थित प्रतिभागियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। आज के ही दिन बाल गंगाधर तिलक के जन्मदिन पर दत्तोपंत ठेंगडी ने भारतीय मजदूर संघ की स्थापना की थी। यह संगठन आज भारत में सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है।

जीएमवीएन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनमोहन चौधरी ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि उनके लिए राष्ट्र हित, उद्योग हित और श्रमिक हित का सिद्धांत सर्वोपरि है और इसी कारण आज यह संगठन देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बना है। श्रमिक हित को सर्वोच्च वरीयता देना संगठन का मूल दायित्व है।

संघ के महासचिव वी एम जुयाल ने कहा कि गुरु दत्तोपंत ठेंगड़ी का जीवन त्याग, तपस्या, सेवा के लिए समर्पित रहा है, ऐसे महापुरुष के जीवन का अनुसरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीएमएस ही एकमात्र श्रमिक संगठन है जो श्रमिकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है।

गोष्ठी में संघ के उपाध्यक्ष रायचंद रावत, सूर्यप्रकाश विश्वास, श्यामसिंह पंवार, दुर्गा लेथवाल, किशनसिंह पंवार, बलवीर सिंह, रमेश बिष्ट, भूपेंद्र सिंह, संदीप मेवाड़, अरविंद उनियाल, बी.एस. बिष्ट, रमेश शर्मा और शूरवीर सिंह आदि उपस्थित थे।