Tehri Garhwal News: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के गनगर गांव में उस समय अफरातफरी मच गयी, जब आसमान से गुब्बारे के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ग्रामीणों के खेतों में जा गिरी। इसके बाद लोगो में यह डिवाइस कोतुहाल का विषय बनी रही। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक रविवार को सुबह करीब 11 बजे टिहरी के घनसाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चमियाला गनगर गांव के खेतों में आसमान से गुब्बारे के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस गिर गई। डिवाइस गिरते ग्रामीणों में कुछ देर तक अफरातफरी मच गयी। डर सहमे लोगों ने डिवाइस की जानकारी स्थानीय ग्रामीण प्रशांत जोशी के जरिए शासन-प्रशासन तक पहुंचाई।
इसके बाद थानाध्यक्ष घनसाली संजीव थपलियाल मौके पर पहुंचकर डिवाइस को कब्जे में लिया और डिवाइस का निरीक्षण किया। संजीव थपलियाल ने बताया कि यह डिवाइस मौसम विभाग की है। आमतौर पर विभाग मौसम की जानकारी प्राप्त करने के लिए इस तरह के डिवाइस का प्रयोग करता है। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर मेड इन कोरिया लिखा है। जिस वजह से लोग काफी डर गए थे। जानकारी मिली कि मौसम विभाग द्वारा मौसम की सटीक जानकारी का पता करने को लेकर गुब्बारा देहरादून मौसम केंद्र से उड़ाया गया था। किन्हीं कारणों से वह फट गया और खेतो में गिर गया।
मौसम विज्ञान केंद्र निदेशक देहरादून, विक्रम सिंह ने बताया कि मौसम विभाग हर दिन हवा में नमी, गति और दबाव की जांच के लिए देहरादून मौसम विभाग केंद्र से हाइड्रोजन भरे गुब्बारे के साथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को आसमान के लिए छोड़ता है। ये मौसम विभाग का रोजाना का कार्यशैली का एक पार्ट है। गुब्बारा हवा में उड़कर लगभग 125 से 130 किमी की दूरी तय करता है। और सीमित दूरी तय करने के बाद गुब्बारा फट जाता है। लिहाजा, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नीचे गिर जाती है। इससे किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं होता है। इसके बाद ग्रामीणों का भय समाप्त हुआ।