KARGIL VIJAY DIWAS 2025: कारगिल विजय दिवस 2025 से एक दिन पहले यानी 25 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों को बड़ा तोहफा दिया है। परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि 50 लाख रुपए से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा परमवीर चक्र विजेताओं को सालाना अनुदान राशि के रूप में तीन लाख रुपए भी मिलते रहेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि के मौके पर इस समारोह का आयोजन किया गया था।
इसके बाद सैनिक कल्याण विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर सीएम धामी को मंजूरी के लिए भेजा था। जिस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने अपनी सहमति जता दी है। ऐसे में परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि में सीधे एक करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है।
परमवीर चक्र विजेताओं को मिलेगा डेढ़ करोड़ का अनुदान:
जून 2022 से पहले परमवीर चक्र विजेता को मिलने वाली अनुग्रह राशि 30 लाख रुपए थी। कैबिनेट ने 10 जून 2022 को इस राशि को बढ़ाकर 50 लाख रुपए करने का निर्णय लिया। इसके बाद इस संबंध में साल 2022 में 14 जुलाई को शासनादेश भी जारी किया गया। ऐसे में अब राज्य सरकार ने एकमुश्त धनराशि को 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपए कर दिया है।
सीएम धामी ने कहा कि हमारे देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान के कारण सुरक्षित हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह सैनिकों की वीरता, समर्पण और बलिदान का सम्मान करे। उत्तराखंड न केवल देवभूमि है, बल्कि वीरभूमि भी है, जिसने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं। एक सैनिक और उसके परिवार का जीवन अनुशासन, त्याग और सेवा की मिसाल होता है। राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर ठोस और प्रभावी निर्णय ले रही है।“