jila panchaayat adhyaksh : उत्तराखंड सरकार ने त्रिस्तरीय पंचायतों के सामान्य निर्वाचन-2025 के अंतर्गत (जनपद हरिद्वार को छोड़कर) के सभी जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए अनंतिम आरक्षण सूची जारी कर दी है। यह आरक्षण भारत के संविधान के अनुच्छेद 243-D, उत्तराखण्ड पंचायतीराज अधिनियम 2016, संशोधित अध्यादेश 2025 तथा नवीन आरक्षण नियमावली 2025 के तहत तय किया गया है।
सचिव पंचायतीराज चंद्रेश कुमार द्वारा जारी आरक्षण संबंधी अनंतिम सूची के अनुसार पौड़ी गढ़वाल में जिला पंचायत अध्यक्ष पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
पौड़ी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए बिछने लगी है बिसात
पौड़ी जिले में जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में कई बड़े नाम चुनाव हार गये। बड़े नामों के चुनाव हार जाने से अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों का समीकरण भी बदल गया है। हालाँकि पौड़ी गढ़वाल सीट महिला आरक्षित हो जाने से कुछ और समीकरण बदल भी गये है.
पौड़ी जिले में जिला पंचायत की कुल 38 सीटें हैं। लैन्सडौन विधायक दिलीप रावत महंत की पत्नी नीतू रावत भी इस बार चुनाव मैदान में थीं। लेकिन वे चुनाव हार गई हैं। कयास लगाया जा रहा था कि नीतू रावत जीतने के बाद अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदार होंगी। पूर्व में भी वे कोटद्वार नगर निगम में मेयर पद का भी चुनाव लड़ चुकी हैं, वहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसी प्रकार भाजपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संपत सिंह रावत भी चुनाव हार गये हैं। कैबिनेट मंत्री डा0 धन सिंह रावत के गृह क्षेत्र में आने वाली इस सीट पर भाजपा की हार चैंकाने वाली है।
एकेश्वर विकासखण्ड की कोटा जिला पंचायत सीट से विजयलक्ष्मी पांथरी भी चुनाव हार गई हैं। विजयलक्ष्मी के पति प्रवेश पांथरी बड़े कारोबारी हैं व भाजपा के कई बड़े नेताओं के खास माने जाते हैं। विजयलक्ष्मी पांथरी को कांग्रेस नेता कविन्द्र इष्टवाल की बहु दीपिका इष्टवाल ने चुनाव हराया है। ऐसे में दीपिका अब जिले की राजनीति में नया नाम उभर कर आया है। माना जा रहा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सीट महिला आरक्षित होने के चलते अब दीपिका कांग्रेस से इस पद के लिए मजबूत दावेदार हो सकती हैं।
वहीँ निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी व निवर्तमान जिप उपाध्यक्ष रचना बुटोला भी भाजपा के टिकट पर दोबारा जीत कर सदन में पहुंचे हैं। ये दोनों भी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
ये जिले हुए आरक्षित/अनारक्षित
- देहरादून जिला पंचायत में अध्यक्ष की सीट सामान्य महिला हुए घोषित,
- अल्मोड़ा में जिला पंचायत अध्यक्ष की महिला सीट हुई घोषित ,
- बागेश्वर में महिला अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित रखी गई जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट ,
- चंपावत और चमोली में अनारक्षित रखी गई जिला पंचायत अध्यक्ष सीट,
- नैनीताल में भी अनारक्षित रखी गई जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट,
- पौड़ी गढ़वाल में सामान्य महिला के लिए आरक्षित की गई जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी,
- पिथौरागढ़ में अनुसूचित जाति के लिए आज आरक्षित रखी गई जिला पंचायत अध्यक्ष के पद,
- रुद्रप्रयाग में सामान्य महिला और टिहरी में भी सामान्य महिला के लिए सुरक्षित रखी गई कुर्सी,
- उधम सिंह नगर में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रखी गई जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी ,
10 उत्तरकाशी में अनारक्षित की गई जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी
सचिव पंचायतीराज चंद्रेश कुमार द्वारा जारी आरक्षण संबंधी अनंतिम सूची के संबंध में यदि किसी भी व्यक्ति को कोई आपत्ति हो, तो वह अपनी लिखित आपत्ति 02 अगस्त 2025 से 04 अगस्त 2025 तक प्रातः 09:30 बजे से सायं 06:00 बजे तक (रविवार को छोड़कर) सचिव, पंचायतीराज विभाग, कक्ष संख्या-19, सोबन सिंह जीना भवन, सचिवालय परिसर, 04-सुभाष मार्ग, देहरादून में प्रस्तुत कर सकता है।
आपत्तियों के निराकरण की तिथि 05 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। अंतिम आरक्षण प्रकाशन की तिथि 06 अगस्त 2025 नियत की गई है। इसके पश्चात किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
भाजपा कांग्रेस को इतनी मिली सीटें
- जिला पंचायत की कुल सीटें : 358
- भाजपा समर्थित : 121 जीते
- कांग्रेस समर्थित : 92 जीते
- निर्दलीय : 145 जीते