Home उत्तराखण्ड अटल उत्कृष्ट जीआईसी बिलखेत में शिक्षकों की कमी से शिक्षा व्यवस्था चरमराई,...

अटल उत्कृष्ट जीआईसी बिलखेत में शिक्षकों की कमी से शिक्षा व्यवस्था चरमराई, अभिभावकों में रोष

GIC Bilkh

पौड़ी: विकास खंड कल्जीखाल के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बिलखेत में शिक्षकों की भारी कमी के चलते छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। अभिभावकों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया से मिलकर इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।

अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय में प्रवक्ता स्तर के पांच पद खाली हैं, जबकि पिछले चार वर्षों से प्रधानाचार्य का पद भी रिक्त पड़ा है। इसके चलते विद्यालय की प्रशासनिक और अनुशासनिक व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं।

अभिभावक संघ अध्यक्ष ममतेश कुमार और एसएमसी अध्यक्ष कुलदीप गुसाईं के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने शुक्रवार को डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि विद्यालय में विगत चार साल से प्रधानाचार्य पद रिक्त चल रहा है। वहीँ पिछले वर्ष पीटीए की बैठक के दौरान दो शिक्षकों के बीच आपसी विवाद हो गया था, जो उस दौरान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जिसके चलते शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने जांच के पश्चात उक्त विवाद प्रकरण को गंभीरता से लिया और अंग्रेजी व हिंदी के प्रवक्ताओं को अन्य विद्यालयों से संबद्ध कर दिया था। अभिभावकों ने उक्त अध्यापकों का स्थायी स्थानांतरण कर विद्यालय में नए शिक्षकों की तैनाती की मांग की थी। जो आजतक नहीं हो पाई। तब से अब तक न तो नए शिक्षकों की तैनाती हुई और न ही विकल्प के रूप में अतिथि शिक्षक उपलब्ध कराए गए हैं।

वर्तमान में विद्यालय की स्थिति यह है कि संस्कृत और भौतिक विज्ञान की अध्यापिकाएं मातृत्व अवकाश पर हैं। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्थवाल ने भी स्वीकार किया कि शिक्षकों के संबद्ध और अवकाश पर रहने से अस्थायी रूप से अव्यवस्था उत्पन्न हुई है।

ज्ञात हो कि अटल उत्कृष्ट जीआईसी बिलखेत विकास खंड का सबसे बड़ा विद्यालय है, जहां लगभग 150 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यही नहीं, सतपुली कस्बे के बच्चे भी यहां शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। विडंबना यह है कि प्रदेश के मंत्री और मुख्यमंत्री सतपुली आगमन के दौरान हेलीकॉप्टर इसी विद्यालय के मैदान में लैंड करते हैं, बावजूद इसके विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था उपेक्षित बनी हुई है।

(जगमोहन डांगी)