खिर्सू: राजकीय शिक्षक संघ प्रांतीय कार्यकारिणी के आवाहन पर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय खिर्सू में रविवार को शिक्षकों ने एक दिवसीय धरना दिया। शिक्षकों ने शत-प्रतिशत पदोन्नति के आधार पर प्रधानाचार्य पद भरे जाने तथा प्रधानाचार्य सीधी भर्ती निरस्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया।

धरना प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें 162 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भागीदारी की। शिक्षकों ने अपनी मांगों का ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्विनी रावत को सौंपा।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष अव्वल सिंह पुंडीर ने शिक्षकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति पर आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे भी अधिक संख्या में शिक्षक 27 अगस्त को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पौड़ी में जुटें। उन्होंने चेतावनी दी कि जो शिक्षक कार्य बहिष्कार में सम्मिलित नहीं होंगे, उन्हें संघ से निष्कासित किया जाएगा।

प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य राकेश मोहन कंडारी ने कहा कि पिछली हड़ताल में लिखित समझौता होने के बावजूद विभाग ने मांगें पूरी नहीं कीं। राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ। अखिलेश चमोला ने पदोन्नति सूची जारी न होने पर भूख हड़ताल तक की चेतावनी दी।

जिला कार्यकारिणी के प्रतिनिधि एवं जनपदीय उपाध्यक्ष मनोज काला ने कहा कि शिक्षकों को बिना विश्वास में लिए प्रधानाचार्य सीधी भर्ती निकाली गई। जिसका निरस्त होने तक विरोध किया जाएगा। पूर्व मंडलीय प्रवक्ता चंद्र मोहन रावत ने कहा पदोन्नति सूची जारी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। पूर्व मंडलीय प्रवक्ता जसपाल सिंह गोसाई ने कहा शिक्षक इसी तरह से बढ़कर भागीदारी करेंगे तो शासन सभी मांगे पूरी करने को मजबूर होगा। शिक्षक आदित्य कांडपाल ने कहा अब हमें डाइट, सीमैट, SCERT आदि शैक्षिणिक संस्थानों में प्रधानाचार्य पद से पदोन्नति हेतु दबाव बनाना होगा। पूर्व मंडलीय प्रवक्ता महेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पदोन्नति पर न्यायालय तो बहाना है, सन 2013 से 2021 तक पांच पदोन्नति सूचियाँ न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन लिखकर जारी हुई हैं। शिक्षक सुबोध नेगी ने कहा कि 36 वर्षों की सेवा के बाद भी हमारे शिक्षक प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नत नहीं हो पाए हैं। शिक्षक मदन सिंह भंडारी ने कहा कि शासन द्वारा उत्पीड़न कर डराने का प्रयास किया जा रहा है। परंतु हमें रणनीति बनाकर आंदोलन को सफल बनाना है। प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मनोज रावत ने कहा शिक्षा निदेशक द्वारा संघ की वैधता पर उठाए सवाल पर संगठन ने उचित जवाब दिया है। शिक्षक टीपी डिमरी ने कहा कि हमें बिना किसी डर के पदोन्नति सूची जारी होने तक आंदोलन जारी रखना है। महिला उपाध्यक्ष लता पांडे ने अस्वस्थ किया कि इससे भी अधिक महिला शिक्षक 27 अगस्त को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपस्थित होगी

इस अवसर पर शिक्षिका सीमा रावत, शिक्षक डॉक्टर पवन मंगाई, ब्लॉक उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। प्रभारी प्रधानाचार्य पद त्याग कर आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करने के लिए सुबोध नेगी, महेंद्र सिंह नेगी एवं भगत सिंह चौहान का ब्लाक कार्यकारिणी एवं शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा करतल ध्वनि से आभार व्यक्त किया गया तथा आशा व्यक्त की कि कल तक ब्लॉक के सभी प्रभारी प्रधानाध्यापक/प्रधानाचार्य पद त्याग देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपदीय उपाध्यक्ष मनोज कला ने की तथा संचालन ब्लॉक मंत्री अनूप सिंह नेगी ने किया।