Legal awareness camp

पौड़ी: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला जज/अध्यक्ष, पौड़ी गढ़वाल के निर्देशन में मंगलवार 09 दिसंबर 2025 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला न्यायालय परिसर में आयोजित मुख्य साक्षरता/जागरूकता शिविर का शुभारंभ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम द्वारा नालसा थीम “एक मुट्ठी आसमान” के अंतर्गत लोकपाल एवं अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस से संबंधित लघु वीडियो प्रदर्शित कर किया गया।

सचिव नाजिश कलीम ने बताया कि हर वर्ष 9 दिसंबर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध वैश्विक जागरूकता बढ़ाने एवं अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से इस दिवस का आयोजन किया जाता है। उन्होंने रिश्वत, गबन, भाई-भतीजावाद जैसे भ्रष्टाचार के विभिन्न रूपों तथा भारत में लागू प्रमुख कानूनों—भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988, लोकपाल और लोकायुक्त अधिनियम, 2013, केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) एवं केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI)—की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

न्यायिक अधिकारियों ने भ्रष्टाचार निवारण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए उपस्थित कर्मचारियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार संबंधी सूचना संबंधित विभागों एवं हेल्पलाइन माध्यमों पर तुरंत साझा करें तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।

शिविर में साइबर अपराधों, 15100 नालसा हेल्पलाइन तथा 1064 एंटी करप्शन हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लगभग 75 कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शहजाद ए वाहिद, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्री अमित भट्ट, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) श्रीमती प्रतीक्षा केसरवानी, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रतीक मथेला सहित अन्य विधिक अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।

ग्रामीण क्षेत्र डांगी में भी आयोजित हुआ भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता शिविर

वहीं दूसरी ओर, उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम पंचायत डांगी में भी “अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस” पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का संचालन पीएलवी जगमोहन डांगी एवं साजन सिंह नेगी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

पीएलवी द्वारा उपस्थित ग्रामीणों, छात्र–छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को भ्रष्टाचार विरोधी दिवस के उद्देश्य, शासन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की भूमिका, भ्रष्टाचार संबंधी कानूनों व उनके निवारण उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लोक अदालत (12 दिसंबर) एवं स्थाई लोक अदालत (13 दिसंबर) के संबंध में पंपलेट वितरण कर जागरूक किया गया।

शिविर में बच्चों को पॉक्सो एक्ट, गुड टच–बैड टच, नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव, कानूनी प्रावधानों एवं “सुरक्षित दवा–सुरक्षित जीवन” विषय पर विस्तृत जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में राजस्व निरीक्षक सुदामा सिंह रावत, उप निरीक्षक धीरज सिंह, दौलत सिंह बिष्ट, रा.उ.मा.वि. डांगी की प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती विनीता रावत, शिक्षकगण, वन विभाग के कर्मचारी, फायर वाचक अजीत, छात्र–छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जगमोहन डांगी